.तो थाने में लाकर भर दी गायें
अतर्रा, संवाद सहयोगी : गाय चारागाह में बंद करने की शिकायत को लेकर कस्बा इंचार्ज ने तेवर दिखाए तो आक्रोशित लोगों ने दर्जनों गायें थाने में घुसेड़ दीं। इस अफरा तफरी मची रही है। मुहल्लेवासियों का कहना है कि अन्ना जानवरों की समस्या को लेकर अस्थाई चारागाह बनवाया गया था। इसमें पुलिस घुड़की दे रही है।
बीती शाम लाल थोक अतर्रा निवासी आधा सैकड़ा किसानों ने कस्बा इंचार्ज द्वारा रिहा की गई गायों को लेकर थाने पहुंचे। सभी गायों को थाने में बंद कर थानाध्यक्ष पंकज पांडेय को शिकायती पत्र दे आरोप लगाते हुए कहा कि एक महिला की गाय अन्ना जानवरों के बीच हम लोगों ने एक अस्थाई चारागाह बनाकर बंद कर दिया। क्योंकि अन्ना पशु हमारी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे थे। इसमें महिला ने कस्बा इंचार्ज एसआई रमेश वर्मा से शिकायत कर दी। महिला की शिकायत पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज ने मुहल्लेवासियों को गाली-गलौज किया। इतना ही नहीं चारागाह में बंद सभी गायों को छुड़वा दिया परेशान व आक्रोशित किसानों ने जानवरों को खदेड़ कर थाने में घुसेड़ दिया। मुहल्लेवासी किसान कु.प्रकाश सिंह, शारदा प्रसाद तिवारी, राकेश दुबे, राजेंद्र, कल्लू, अनूप, नत्थू प्रसाद, राजकुमार यादव सहित आधा सैकड़ा किसानों ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अन्ना जानवरों की शिकायत एसडीएम से भी पूर्व में की थी। प्रशासन की तरफ से कोई व्यवस्था न होने पर सभी लोग एकत्रित होकर एक अस्थाई चारागाह बनवाया। वहीं सभी गायों को रखा गया था। परंतु एक महिला की शिकायत पर कस्बा इंचार्ज ने हंगामा खड़ा कर दिया। क्षेत्राधिकारी केसी सिंह ने कहा कि शिकायत की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।