आंधी का कहर : महोबा समेत आधे बांदा में विद्युत संकट
बांदा, जागरण संवाददाता : शाम को आई आंधी से आधे बांदा को ही नहीं बल्कि महोबा जनपद को भी संकट में डाल दिया है। आंधी से भूरागढ़ में लगे दो विद्युत टावरों के क्षतिग्रस्त होने से दोनों ही जनपद में बिजली का संकट गहरा गया है। उधर, विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि विभाग टावरों की मरम्मत में सप्ताह भर का समय लगेगा।
शुक्रवार शाम आई आंधी से केन नदी किनारे लगा 33 केवी और 66 केवीए के टावर क्षतिग्रस्त हो गए। इससे भूरागढ़ पॉवर हाउस को जाने वाली सप्लाई ठप हो गई। साथ ही 66 केवी का टॉवर क्षतिग्रस्त होने से से महोबा जनपद को जाने वाली सप्लाई भी प्रभावित हो गई है। आम जनमानस में कोई नुक्सान तो नहीं हुआ है लेकिन इस घटना से आधे बांदा समेत महोबा जनपद में विद्युत सप्लाई को लेकर भारी संकट का सामना करना पडे़गा। 33 केवी का टावर टूटने से जनपद के भूरागढ़ पावर हाउस को मिलने वाली सप्लाई प्रभावित हुई है जिससे शहर के छोटी बाजार समेत क्योटरा, निम्नीपार, मर्दननाका, करबला, कंचन पुरवा, पदमाकर चौराहा, मठियननाका, सहित दो दर्जन मुहल्लों सहित ग्रामीण क्षेत्रों के भूरागढ़, त्रिवेणी, खैराड़ा, मोहनपुरवा, मटौंध, उजरहटा, हरदौनी, इटवा सहित आधा सैकड़ा से अधिक गावों को मिलने वाली सप्लाई बंद रहेगी। जिससे पेयजल की किल्लत भी सप्ताह भर उपभोक्ताओं को झेलनी पडेगी। इसके अलावा 66केवी का टावर टूटने से पूरे महोबा जनपद में सप्लाई का संकट गहरा गया है। इस संकट से कबरई के केसर उद्योग पर भारी असर पडेगा। अवर अभियंता केके जयसवाल ने बताया कि टावर बनने में सप्ताह भर का समय लगेगा। लोगों के संकट को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था की तैयारी की जा रही है।
------------
शहरवासियों को पेयजल संकट
बांदा : भले ही विद्युत सप्लाई का संकट आधे शहर को प्रभावित करे लेकिन पेयजल का संकट से पूरे शहरवासियों को जूझना पडे़गा। जलसंस्थान को मिलने वाली सप्लाई भूरागढ़ पावर हाउस से ही होती है जो अब नहीं मिलेगी। सप्लाई न मिलने से जल संस्थान शहरवासियों को पेयजल उपलब्ध कराने में लाचार ही साबित होगा। जिससे पूरे शहर में पेयजल का संकट लोगों को झेलना पडेगा। यह संकट सप्ताह भर तक रहेगा।