सबकी भागीदारी से लोकतंत्र होगा मजबूत
चित्रकूट, जागरण संवाददाता : लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने को मतदाता जागरूकता अभियान जारी है। छात्र-छात्राएं व स्वयंसेवी संस्थाएं ग्रामीणों को मतदान को प्रेरित कर रहे हैं।
मुख्यालय स्थित गंगा प्रसाद जनसेवा इंटर कालेज के स्काउट-गाइड व छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। हाथों में तख्ती लेकर छात्रों ने 'वोट देना गर्व है, यह जनता का पर्व है' जैसे नारे लगाए। इस मौके पर प्रधानाचार्य बी एल चंदेल, जिला स्काउट सचिव मइयादीन पटेल, मनोज पांडेय, सुधीर शुक्ला, सुशील सिंह, सुनैना व शिवपूजन आदि मौजूद रहे। नेहरू युवा केन्द्र रामनगर की ओर से इटवां गांव में मतदाता जागरूकता चौपाल लगाई गई। जिसमें सेक्टर मजिस्ट्रेट एस कुरील, ब्रजकिशोर त्रिपाठी, प्रेमनारायण मिश्र व अवधेश आदि मौजूद रहे। प्रगति माध्यम समिति के पदाधिकारियों ने पहाड़ी के बूढ़ा सेमरवार में ग्रामीणों को मतदान करने को प्रेरित किया। इस मौके पर संस्था की निदेशक शहरोज फातिमा, जन जाग्रति संस्थान के मुराद खान व सैकडों ग्रामीण मौजूद रहे।
शिवरामपुर क्षेत्र के पथरौडी गांव में अभियान संस्था द्वारा चौपाल लगाई गई। संस्था के निदेशक अशोक कुमार ने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में हमें अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब सबकी भागीदारी हो। सभी लोग नैतिकता पर आधारित स्वविवेक से मताधिकार का प्रयोग करें। इस दौरान गांव में मतदाता जागरुकता पर आधारित फिल्म भी दिखाई गयीं। रामनरेश श्रीवास्तव ने मतदान प्रक्रिया के बारे में बताते हुए कहा कि मतदान का समय प्रात: 7 बजे से सायं 6 बजे तक है।