उपचुनाव में जीत पर सपा में जश्न
बलरामपुर : मैनपुरी लोकसभा व आठ विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव में जीत दर्ज करने सपा कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है। जगह-जगह कार्यकर्ता एकत्र हुए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
नगर के वीर विनय चौराहे पर जिलाध्यक्ष ओंकारनाथ पटेल ने कहा कि झूठे वादे के दम पर केंद्र की सत्ता में आई भाजपा सरकार की असलियत सामने आ गई है। झूठ का गुब्बारा फूट गया और जनता भी कम समय में हकीकत जान गई। चेयरमैन प्रतिनिधि इकबाल जावेद फ्लावर ने कहा कि उपचुनाव में सपा को मिली सफलता से यह सिद्ध हो गया की जनता का विश्वास पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव में कायम है। शबाना, आदिल हुसैन, मोहम्मद आलम, समर जावेद, मंटा गुप्ता, इदरीश समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। उतरौला में जीत का जश्न मनाते हुए मुलायम यूथ बिग्रेड के जिलाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि भाजपा ने जो झूठा सब्जबाग दिखाया उसकी पोल उपचुनाव के परिणाम से खुल गई। प्रदेश की जनता लोकप्रिय मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सरकार के विकास कार्यो से संतुष्ट हैं।
गैंड़ासबुजुर्ग संवादसूत्र के अनुसार क्षेत्र में उपचुनाव में सपा को मिली ऐतिहासिक जीत से चहुंओर जश्न का माहौल है। सपा जिला सचिव मारुफ अनवर हाशमी ने उपचुनाव में सपा को बड़ी कामयाबी मिलने पर कही। कहा कि जनता लोकसभा चुनाव में अच्छे दिनों के बहकावे में आ गई थी, लेकिन अब सरकार बनने पर भाजपा की पोल खुल गई। इस अवसर पर नोमान, मुस्तकीम सिद्दीकी, आजाद मिश्र, जावेद हसन आदि ने इस कामयाबी को सपा की नीतियों की जीत बताया।