तेजी से बढ़ रहे छेड़छाड़ व दुष्कर्म के मामले
बलरामपुर : दुराचार तथा छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोक लगाने के प्रयासों के बावजूद ऐसी घटनाएं रुक नही रही हैं। कई मामलों में न्यायालयों द्वारा कड़ी सजाएं देने के बाद भी इन घटनाओं पर पूर्ण विराम नहीं लग पा रहा है। राजनीतिक दलों के नेताओं की अनावश्यक बयानबाजी भी कहीं न कहीं इन घटनाओं के दोषियों को संबल प्रदान कर रही है। कोतवाली क्षेत्र में जून महीने से अब तक सात मामले दर्ज हो चुके हैं जिनमें सामूहिक दुष्कर्म की दो घटनाएं शामिल हैं।
केस एक - एक जून को पुरैना कानूनगो में एक नाबालिग के साथ गांव के दो युवकों ने दुष्कर्म का प्रयास किया। इसी दिन इसी गांव की युवती से भी गांव के ही दो अन्य युवकों ने दुराचार का प्रयास किया। दोनो घटनाएं दो जून को पुलिस ने दर्ज की।
केस दो - मोहनजोत में अपने खाला के घर गई गांधी नगर निवासी आठ वर्षीया बालिका के साथ मौसा ने दुष्कर्म का प्रयास किया। इस मामले की रिपोर्ट 18 जून को पुलिस ने दर्ज किया।
केस तीन - मोहनजोत गांव में 19 जून को दलित युवती के साथ एजाज पुत्र राज मुहम्मद ने गन्ने के खेत में दुराचार का प्रयास किया। प्रकरण की नामजद रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई।
केस चार -21 जून को गायडीह निवासी नाबालिग के साथ गांव के ही नजर मुहम्मद पुत्र सहाबुद्दीन ने दुराचार का प्रयास किया। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया।
केस पांच - टेढ़वा मैनहा गांव में नाबालिग बालिका के साथ गांव के मुहम्मद शफीक व साबिर ने सामूहिक दुष्कर्म किया। मामले की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
केस छह - खम्हरिया निवासी एक महिला के साथ दो अन्य लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। मामला उतरौला कोतवाली में दर्ज है,लेकिन विवेचना नगर कोतवाली में स्थानांतरित है।
--------
दुष्कर्म के मामलों में अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरा प्रयास करती है। जो भी मामला प्रकाश में आता है त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाता है। पुलिस का प्रयास रहता है कि आरोपियों को सजा मिले।
-सुनील कुमार राय
प्रभारी निरीक्षक, उतरौला कोतवाली