ठंड लगने से दो मनरेगा श्रमिकों की मौत
बलरामपुर : शनिवार की रात ग्राम पंचायत मगईपुर के मजरे सुक्खीजोत में ठंड की चपेट में आकर वृद्ध मनरेगा श्रमिक की मौत हो गई। 48 घंटे के भीतर ग्राम पंचायत मगईपुर में दो वृद्ध श्रमिकों की ठंड से मौत हो चुकी है। प्रशासन का कहना है कि ठंड से मौतें नहीं हुई हैं।
स्थानीय ग्राम पंचायत का मगईपुर गांव इस समय सुर्खियों में है। ग्राम पंचायत के मजरे भटपुराव में मनरेगा के तहत मिट्टी पटाई का काम चल रहा है। शुक्रवार को वहीं के निवासी सत्तर वर्षीय जॉब कार्ड धारक दलित चंदी पुत्र रायफल मजदूरी करने गए थे। शाम को लौटकर आए तो तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौतें हो गई। इसी तरह सुक्खीजोत निवासी वृद्ध दलित जाबकार्ड धारक बृजलाल (65) पुत्र गुरुप्रसाद सड़क पर मिट्टी पाटने गए थे। रात 11 बजे उनकी तबीयत बिगड़ गई। थोड़ी ही देर में बृजलाल की मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि चंदी व बृजलाल गरीब थे। उनके पास पहनने को गर्म कपड़े नहीं थे। ठंड लगने के चलते उनकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई।
उतरौला के एसडीमए अकमल अख्तर ने बताया कि मौतें ठंड लगने से नहीं हुई हैं। बीडीओ जर्नादन यादव ने बताया कि मजदूरों की मौतें कार्यस्थल पर नहीं हुई हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर