प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी वादे से मुकरे : गुलाम नबी
बलरामपुर : तुलसीपुर में आयोजित महापरिवर्तन रैली में जुटे कांग्रेसी दिग्गजों ने आज केंद्र की भाजपा सर
बलरामपुर : तुलसीपुर में आयोजित महापरिवर्तन रैली में जुटे कांग्रेसी दिग्गजों ने आज केंद्र की भाजपा सरकार को निशाने पर रखा। प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने विशेष तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जनता से किए वादे से मुकरने का आरोप मढ़ा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में जनता से किए वादे को पूरा करने के बजाय अब मोदी चंद उद्योगपतियों का भला करने में जुटे। कर्ज माफी पर तंज कसते हुए कहा कि बहुत बड़ा कर्ज केंद्र सरकार ने माफ किया है, लेकिन वह किसानों का नहीं उद्योगपतियों का है। उन्होंने 27 साल यूपी बेहाल नारे के साथ निकली यात्रा का मर्म लोगों को समझाते हुए कहा कि राहुल गांधी से कर्ज माफी का बड़ा मुददा उठाया है। उन्होंने कहा कि यूपी में कांग्रेस की सरकार बनने के दस दिन में ही हम कर्जा माफ कर देंगे। इस वादे में कोई जाति-धर्म का भेद नहीं है। कारण है कि गरीबी व किसान अपने आप में धर्म हैं। इतना ही नहीं हम गन्ना किसानों को 15 दिन में उनकी उपज का भुगतान देंगे। साथ ही समर्थन मूल्य तय करेंगे जिसमें एक कीमत सरकार तय करेगी। अधिक मूल्य किसानों को मिला तो वह स्वयं बेचेंगे और यदि उससे नीचे बाजार मूल्य आया तो सरकार निर्धारित दर पर किसानों का उपज खरीदेगी। उन्होंने कहा कि खेतों के लिए पानी खींचने में बिजली खर्च होती है। हम इसे आधा माफ करेंगे। इतना ही नहीं हमारी सरकार ने आंध्र प्रदेश में किसानों का पूरा बिजली माफ की है। उन्होंने कहा कि जो मांग पत्र भरवाया जा रहा है उसे राहुल जी प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति को सौंपेंगे। यदि छह माह में किसानों का कर्जा प्रदेश की सपा सरकार व केंद्र की सरकार नहीं माफ करती है तो जब हम सरकार बनाएंगे तो दस दिन के भीतर कर्जा माफ करेंगे।
उन्होंने कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व सांसद रिजवान जहीर की तारीफ करते हुए कहा कि यह पहले शख्स हैं जिन्होंने कुछ मांगा नहीं है। सिर्फ साथ मांगा है। अब वह अपनी ऊर्जा पूरे पूर्वाचल में पार्टी को मजबूत करने में लगाएंगे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व सिने अभिनेता राज बब्बर ने पूरे फिल्मी अंदाज में जनता से मुखातिब हुए। अमित शाह का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि गुजरात का तड़ीपार अध्यक्ष बनकर यूपी में घूम रहा है। हमें ऐसे लोगों से सावधान रहना चाहिए जो जाति-धर्म की राजनीति करते हैं। कहा कि कांग्रेस हमेशा किसान, गरीब व मजलूमों के हित की बात की है। इसीलिए भूमि अधिग्रहण कानून को पास नहीं होने दिया क्योंकि इससे किसानों का नुकसान होता और पूंजीपतियों को लाभ मिलता। सपा व बसपा से लोगों को सावधान करते हुए सपा की ताकत बढ़ी तो एक परिवार निर्णय लेगा, बसपा की ताकत बढ़ी तो एक व्यक्ति की ताकत दिखेगी। इसलिए कांग्रेस की सरकार बनाइए जो सिर्फ इंसानियत की बात करती है। उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद रिजवान जहीर के आने से कांग्रेस को मजबूती मिली है और नौजवानों का उत्साह बढ़ा है। नगर पंचायत अध्यक्ष फिरोज पप्पू के साथ जिस तरह आवाम है उससे यह तय है कि अब जनता कांग्रेस के साथ है। चुनाव प्रचार समिति के प्रभारी सांसद डॉ. संजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने जाति व मजहब से हटकर आम जनता की राजनीति की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा, बसपा जैसे दल प्रजातंत्र में विश्वास नहीं करते हैं। अभी पंचायत चुनावों में निर्विरोध निर्वाचन इसका स्पष्ट उदाहरण है कि बाहुबल व धनबल के भरोसे ही यह दल चुनाव जीतना चाहते हैं। अध्यक्षता पदमश्री बेकल उत्साही ने की व संचालन जिलाध्यक्ष अनुज सिंह ने किया। कार्यक्रम को प्रकाश जोशी, मंडल चुनाव प्रभारी तरुण पटेल, पूर्व सांसद चंद्रभाल मणि तिवारी, पूर्व विधायक मंगलदेव सिंह, खालिद बिन अफजल प्रदेश प्रवक्ता अरुण प्रताप सिंह, डॉ. पंकज गुप्ता, रेशम सिंह, नीलम अंबेडकर, भुवन प्रताप सिंह आदि ने संबोधित किया।