तलाश तालाबों की : शहर से सटे शंकरपुर में तीन तालाबों का निर्माण
बलरामपुर : तालाबों के निर्माण में दैनिक जागरण की (तलाश तालाबों की' अभियान का व्यापक असर दिख रहा है।
बलरामपुर : तालाबों के निर्माण में दैनिक जागरण की (तलाश तालाबों की' अभियान का व्यापक असर दिख रहा है। सदर विकास खंड के ग्राम पंचायत शंकरपुर में ग्रामीणों के सहयोग से तीन तालाबों का निर्माण जल संरक्षण के उद्देश्य से किया गया है। तालाबों के निर्माण का कार्य लगभग पूरा है। मनरेगा से बन रहे तालाब जल संरक्षण के लिए मिल का पत्थर साबित होंगे। इस बार बरसात का पानी तालाबों में अधिक एकत्र होगा। जिसका लाभ गर्मी के दिनों में मिलेगा। जल संरक्षण से भूगर्भ जल स्तर को बनाए रखने में भी मद्द मिलेगी।
तालाबों के जीर्णोद्धार और निर्माण का जिले भर में कार्य चल रहा है। जल संरक्षण के प्रमुख स्रोत तालाबों के निर्माण के लिए मनरेगा से बजट खर्च किया जा रहा है। इससे गांव के बेरोजगार युवकों को रोजगार का अवसर भी मिल रहा है। साथ ही गांव में जल संरक्षण का एक स्रोत भी विकसित हो रहा है। सदर विकास खंड के ग्राम प्रधान जब्बार अली कहते हैं कि शहर से सटा गांव होने के कारण जल संरक्षण पर अधिक जोर दे रहे हैं। ग्राम पंचायत की बैठक में आम सहमति से तालाब निर्माण का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों के सुझाव से ग्राम पंचायत के अलग-अलग पुरवों में तालाब निर्माण का स्थल तय किया गया। उसके बाद मनरेगा से तालाब निर्माण का कार्य शुरू कराया गया। ग्राम पंचायत के पुरवा सैतिहवा, शेरूपुर में तीन तालाबों का निर्माण मनरेगा श्रमिकों ने शुरू किया। एक साथ कार्य शुरू किया गया। तीनों तालाबों का निर्माण अंतिम दौर में है। तालाबों के निर्माण से जल संरक्षण को अधिक बल मिलेगा। इन तालाबों की नियमित देखरेख की जाएगी जिससे जल भंडारण की क्षमता कम न होने पाए। तालाबों की नियमित सफाई भी प्रत्येक वर्ष कराई जाएगी। क्योंकि रखरखाव के अभाव में तालाबों में सिल्ट जमा हो जाती है। सिल्ट जमा होने से जल भंडारण की क्षमता कम हो जाती है। रोजगार सेवक पुंडरीक तिवारी ने बताया कि तालाब निर्माण से ग्रामीण काफी उत्साहित है। मनरेगा श्रमिकों के साथ ग्राम प्रधान व अन्य लोगों ने श्रमदान भी किया है। जल व तालाब संरक्षण के ग्रामीण उत्साहित है।
बरसात का पानी निर्माणाधीन तालाबों में दिखने लगा है। विकास खंड में कई पुराने तालाबों का जीर्णोद्धार भी कराया गया है। ग्राम प्रधान में तालाब को लेकर काफी उत्साह है। मनरेगा से तालाबों के संरक्षण के लिए प्राप्त बजट दिया गया है। बजट की कमी नहीं है। तालाबों के निर्माण का लाभ ग्रामीणों के साथ सभी को मिलेगा।
- शेषमणि सिंह
खंड विकास अधिकारी
बलरामपुर