सपा की जीत में सहायक बने निर्णायक
बलरामपुर : सपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत में नियमों की अनदेखी कर बने मतदाता सहायक निर्णायक साबित ह
बलरामपुर : सपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत में नियमों की अनदेखी कर बने मतदाता सहायक निर्णायक साबित हुए। सूबे के जंतु उद्यान, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ. एसपी यादव के विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक प्रमुख गैंसड़ी का पद उनकी प्रतिष्ठा से जुड़ा था। इसीलिए राज्यमंत्री स्वयं पूरे समय मतदान परिसर से दूर सड़क पर समर्थकों के साथ डटे रहे। गैंसड़ी में 124 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। ब्लॉक प्रमुख पद के तीन प्रत्याशी सावित्री देवी, शिशिर यादव व राजन तिवारी मैदान में थे। सपा प्रत्याशी को किसी भी तरह जीत दर्ज कराने के लिए प्रशासनिक अमला का खुलकर प्रयोग किया गया। होटल में सदस्यों को रखने से लेकर मतदान तक सत्ता के साथ कदम से कदम मिलाकर प्रशासनिक अधिकारी चलते दिखे। निरक्षर व अशक्त क्षेत्र पंचायत सदस्यों को मतदाता सहायक बनाने में विपक्षी प्रत्याशियों से तो नियमों का पालन सख्ती से कराया गया लेकिन सत्ता समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में क्षेत्र पंचायत सदस्यों को बिना नियमों के पालन के ही मतदाता सहायक दे दिया गया। जिस महिला क्षेत्र पंचायत सदस्य भभूता के अपरहरण का मुकदमा उसके पति द्वारा प्रत्याशी शिशिर यादव व अन्य के खिलाफ दर्ज कराया गया था। उस भभूता का भी सहायक जिला प्रशासन ने सत्ता के दबाव में दे दिया। जबकि स्वयं मतदान के लिए कह रही थी। जिला प्रशासन ने मतदान शुरू होने तक कितने मतदाता सहायक दिए गए हैं। इसकी सूची सार्वजनिक नहीं की। मतदाता सहायक के क्षेत्र पंचायत सदस्य के परिवार का ही बन सकता है। परिवार के सदस्यों में भी साक्षर न होने पर सगे संबंधी को सहायक बनाया जा सकता है। गैंसड़ी व रेहरा बाजार में इस नियम को नजरअंदाज कर मतदाता सहायक बनाया गया। सपा समर्थित प्रत्याशी के विश्वास पात्र लोगों को ही मतदाता सहायक बना कर मतदान के लिए भेजा गया। सपा समर्थित प्रत्याशी के पक्ष के सदस्यों के बिना उपस्थित हुए मतदाता सहायक बना दिया गया जबकि विपक्षी प्रत्याशियों के सदस्यों को सशरीर उपस्थित होना अनिवार्य था। मतदाता सहायक के इस खेल ने गैंसड़ी व रेहरा बाजार में सपा प्रत्याशी को जीता दिया। श्रीदत्तगंज में इसी खेल में सपाई फेल हो गए। अपर जिलाधिकारी शिवपूजन ने बताया कि गैंसड़ी में 36 और रेहरा बाजार में 29 मतदाता सहायक दिए गए थे। श्रीदत्तगंज में भी मतदाता सहायक दिए गए थे। क्षेत्र पंचायत सदस्यों के आवेदन पर नियमानुसार ही मतदाता सहायक दिए गए है। पूरी तरह निष्पक्षता बरती गई है।