बिजली विभाग के 30 अधिकारी-कर्मचारी का कम होगा रुतबा
बलरामपुर : देवीपाटन मंडल के चारों जिलों के 30 बिजली कर्मियों व अधिकारियों का रूतबा कम होना तय है। सर
बलरामपुर : देवीपाटन मंडल के चारों जिलों के 30 बिजली कर्मियों व अधिकारियों का रूतबा कम होना तय है। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर परिणामी ज्येष्ठता का लाभ पाकर प्रोन्नति पाने वाले कर्मियों व अधिकारियों को अपने मूल पदों पर लौटना होगा।
भर्ती के समय आरक्षण का लाभ पाने वाले अनुसूचित जाति के अधिकारी व कर्मचारी प्रोन्नति में भी परिणामी ज्येष्ठता का लाभ पाकर वरिष्ठ बन गए थे और टेक्निकल ग्रेट टू (विद्युत) से अवर अभियंता बन गए थे। श्रमिक से कुशल श्रमिक बन गए थे। परिणामी ज्येष्ठता का लाभ पाकर अधिकारी बन कर रौब गालिब करने वाले पुन: अपने मूल पद वापस कर दिए जाएंगे। न्यायालय के आदेश की मार देवीपाटन मंडल के चारों जनपदों गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती व बहराइच के बिजली कर्मियों पर पड़ रही है। इसमें बलरामपुर जिले में टेक्निकल ग्रेट टू विद्युत से अवर अभियंता बने एक अधिकारी पुन: अपने मूल पद टेक्निकल ग्रेड टू पर लौट आएंगे। बलरामपुर में दो सहायक अभियंता, एक अवर अभियंता सहित आठ लोग प्रभावित हो रहे हैं। श्रावस्ती में भी एक अवर अभियंता सहित चार, गोंडा में छह और बहराइच में दस कर्मचारियों का रुतबा कम होगा। इस तरह चारों जिलों के अधिकारी व कर्मचारी प्रभावित होंगे।
अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल गोंडा से सभी अधिशासी अभियंताओं को न्यायालय के आदेश प्रभावित होने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को सूची भेजी है। सूची के आधार पर जिला स्तर पर कमेटी गठित कर पूर्व के मूल पद पर वापस करने की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अधिशासी अभियंता एसके ओझा का कहना है कि उच्चाधिकारी के आदेशानुसार कार्रवाई की जा रही है।