रैली निकाल दिया गया सुरक्षित यातायात का संदेश
बलरामपुर : सुरक्षित चलने के लिए जरूरी है कि यातायात नियमों का गंभीरता से पालन किया जाए। मोटरसाइकिल प
बलरामपुर : सुरक्षित चलने के लिए जरूरी है कि यातायात नियमों का गंभीरता से पालन किया जाए। मोटरसाइकिल पर चलने वाले दोनों लोग हेलमेट लगाएं। किसी भी दशा में तीन सवारी न बैठें। गति सीमा पर सदैव नियंत्रण रखें। इससे दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। यह बातें अपर पुलिस अधीक्षक लालसाहब यादव ने यातायात जागरूकता मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी रवाना करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि जीवन अनमोल है। इसकी रक्षा करना हमारा ही कर्तव्य है। हम स्वयं नियमों का पालन करते हुए चलेंगे तो दूसरे भी इसका अनुसरण करेंगे। इस तरह सुरक्षित यातायात का प्रयास सार्थक साबित होगा। यातायात प्रभारी जयनरायन यादव ने भी लोगों को यातायात नियमों से रूबरू कराया। नगर कोतवाली स्थित यातायात कार्यालय से रवाना हुई मोटरसाइकिल रैली शहर के मुख्य मार्गो से होकर वीर विनय चौराहा, मेजर चौराहा, नहरबालागंज, भगवतीगंज से पुलिस अधीक्षक कार्यालय होते हुए कचहरी, वीर विनय चौराहा से यातायात कार्यालय आकर सप्ताह हुई। रैली में शामिल लोग यातायात नियमों की जानकारी लोगों को दे रहे थे। दूसरी ओर पुलिस अधीक्षक बीडी शुक्ल के निर्देशानुसार यातायात माह के तहत नगर के जीसस एंड मैरी स्कूल में चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें कक्षा छह से 12 तक के बच्चों ने भाग लिया। यातायात प्रभारी ने कहा कि चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता के जरिए बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।