महिला अस्पताल व झारखंडी मंदिर में चला सफाई अभियान
बलरामपुर : निर्मल भारत अभियान के लिए चलाया जा रहा राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान का विस्तार हो रहा है। म
बलरामपुर : निर्मल भारत अभियान के लिए चलाया जा रहा राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान का विस्तार हो रहा है। मंगलवार को केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन व भाजपा महिला मोर्चा ने अस्पताल व झारखंडी मंदिर परिसर की सफाई की गई।
भारत को गंदगी व प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए चलाए गए राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान में लोग अब बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। मंगलवार को अपराह्न दो बजे केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीना वर्मा के साथ मिलकर जिला महिला अस्पताल की सफाई की। जिसमें एसोसिएशन वालों ने अस्पताल में फैली गंदगी, पॉलीथिन, कूड़े आदि को भरकर अस्पताल से बाहर पहुंचाया। साथ ही अस्पताल में झाडू भी लगाई। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रघुनाथ अग्रवाल ने कहा कि महिला व नवजात बच्चों को जीवन देने वाले इस जगह पर गंदगी का होना दोनों के लिए हानिकारक है। इसीलिए इस अभियान के जरिए हम लोगों को संदेश देना चाहते हैं कि अस्पताल आने वाले लोग न तो स्वयं गंदगी फैलाएं और न ही दूसरे को फैलाने दें। सफाई अभियान के बाद एसोसिएशन के लोगों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल भी वितरित किए। इस दौरान सीएमएस के साथ डॉ. आरके पांडेय, अजय श्रीवास्तव, मदन गोपाल गुप्त, समसुल हुदा, अजय अग्रवाल एवं मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि मिश्र, अवनीश सिंह, विनीत श्रीवास्तव सहित कई लोग शामिल हुए। मंगलवार को भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष स्वर्णलता श्रीवास्तव के नेतृत्व में महिलाओं ने सफाई अभियान चलाकर झारखंडी मंदिर परिसर की सफाई की। जिसमें महिलाओं ने मंदिर के चारों ओर फैली गंदगी को झाडू लगाकर साफ किया। अभियान में सविता सिंह, सुनीता मिश्र, झूमा सिंह, उमा चौधरी, कमलेश गुप्ता, रेखा देवी सहित कई महिलाओं ने योगदान दिया।