राज्यमंत्री ने तीन सौ बाढ़ पीड़ितों को दिया राहत का चेक
बलरामपुर : सूबे के जंतु उद्यान राज्यमंत्री डॉ. एसपी यादव ने ने कहा कि बाढ़ से पीड़ितों की सरकार हरस्तर पर मदद करेगी। इसके लिए क्षति का आंकलन कर सहायता देने का प्राविधान है। राज्यमंत्री स्थानीय किसान इंटर कॉलेज गनेशपुर में बाढ़ पीड़ितों को सहायता का चेक वितरित कर रहे थे। इस क्रमें कुल तीन सौ लाभार्थियों को आठ लाख 70 हजार एक सौ रुपये का चेक वितरण किया गया है।
तुलसीपुर के जैतापुर चौराहा, जगदीशपुर कपौवा व गनेशपुर में लगी शिविर में बाढ़ पीड़ित, बाढ़ में डूब जाने से हुई मृत्यु व बाढ़ में गिरे मकानों का चेक पीड़ित परिवार को जंतु उद्यान राज्यमंत्री डॉ. एसपी यादव द्वारा दिया गया। ग्राम महरी, पकड़ी, हरनहवा सुस्ता, बेनीनगर, धोबहा, त्रिलोकपुर, जमुनी, फरुहवा, नौबस्ता, मनकी, बगहिया, टेंगनहवा सहित दो दर्जन से अधिक गांवों के बाढ़ पीड़ितों को चेक मिला है। बाढ़ में डूबकर हुई सत्यदेव की मृत्यु पर उनकी माता सीतारानी को डेढ़ लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। जमशेद, नानबाबू, रामराज, कपिल देव, शमशुल्ला, दुलारे, परशुराम, जोखू, सुखदेव, सालिकराम आदि को भी राहत का चेक मिला है। इस अवसर पर सफीउल्ला खां उर्फ विकास मंत्री, एसडीएम सुशील लाल श्रीवास्तव, तहसीलदार बाबूलाल दूबे, नायब तहसीलदार केशव प्रसाद, राजस्व निरीक्षक अफजाल अहमद समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।