जर्जर मकान की छत ढहने से बालिका की मौत, चार घायल
बलरामपुर : कच्चे मकान की छत ढहने के चलते छह वर्षीय बालिका की मौके पर मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। घटना रविवार रात लगभग नौ बजे की है। पुलिस तथा प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
नगरपालिका के वार्ड नंबर 23 सुभाषनगर निवासी फारुक पुत्र नफीस दो कमरों वाले कच्चे मकान में अपने परिवार के साथ रहता है। मकान का छत लकड़ी की बीम तथा कड़ियों का है। रविवार को बिजली आने के बाद परिवार के सभी लोग कमरे में सोने चले गए। इसी बीच बाहरी कमरे की छत बीम टूटने के चलते भरभरा कर बैठ गई और सो रहे लोग मिट्टी, ईट तथा लकड़ी के नीचे दब गए। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। बेड पर सो रही मरियम (छह वर्ष) पुत्री फारुख ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। फारुक की पत्नी नाजमी (30), पुत्री फरजीन (तीन माह) पुत्र मुहम्मद तालिम (चार) तथा मां जैबुन्निशा (65) गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहा है। जिसमें जैबुन्निशा की हालत गंभीर बताई जा रही है। रविवार सुबह पुलिस ने मृतका मरियम के शव का पंचनामा भरकर परिजनों को सौंप दिया। सूचना पर क्षेत्रीय विधायक आरिफ अनवर हाशमी ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ितों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा जताया। एसडीएम वाईबी सिंह ने बताया कि मौके की जांच तथा घायलों के उपचार की व्यवस्था उन्होंने रात में करा दी है और क्षेत्रीय लेखपाल से रिपोर्ट मांगी गई है।