कलेक्ट्रेट का घेराव कर भाकियू का प्रदर्शन
बलरामपुर : छह सूत्रीय मांगों के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के चलते जिलाधिकारी की कार भी फंस गई। इसके बाद कार से उतरकर डीएम ने वार्ता कर समस्याओं के यथाशीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
भाकियू जिलाध्यक्ष बृजेश विश्वकर्मा व प्रदेश संगठन मंत्री शशि भूषण शुक्ल के नेतृत्व में अभरन वर्मा, गोमती प्रसाद वर्मा, राजेश कुमार वर्मा, ललित वर्मा, मंशाराम, काशीलाल, विनोद वर्मा, फेरे आजाद, शांति देवी, दुलारी देवी, दुलारी देवी, मालती देवी समेत अन्य कार्यकर्ता एकत्र होकर कलेक्ट्रेट मुख्य गेट का घेराव कर प्रदर्शन करने लगे। इससे कुछ देर तक लोगों का कलेक्ट्रेट से बाहर निकलना भी बंद रहा। बाद में जिलाधिकारी मुकेश चंद्र बाहर निकलने लगे तो प्रदर्शनकारियों ने उन्हें भी नहीं जाने दिया। इसके बाद गाड़ी से उतरकर जिलाधिकारी ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा और कहा कि गन्ना किसानों का तत्काल बकाया भुगतान किया जाए, विशुनापुर, नरकटिया में बाढ़ पीड़ितों को मद्द दी जाए, चीनी मिल बलरामपुर से निकल रहा जहरीला पानी रोका जाए, बरईपुर, कोयलरा बाईपास तक जर्जर सड़क की मरम्मत कराई जाए, बाढ़ पीड़ितों में फैल रही बीमारी की रोकथाम की जाए और बाढ़ की जद में आए किसानों को उचित मुआवजा दी जाए। जिलाधिकारी ने मांगों के संबंध में न्यायसंगत कार्रवाई का भरोसा जताया है। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।