डूबने से बालक की मौत, वृद्धा पानी में बही
बलरामपुर : जिले में आए जल प्रलय से अब लोगों की जान पर बन आई है। बाढ़ की जद में आने से एक बालक की डूबने से मौत हो गई और वृद्धा पानी के साथ बह गई, उसका पता नहीं चल सका है। कई लोग बाढ़ में बहते-बहते बचे हैं तो कुछ लोगों की जान ग्रामीणों की मद्द से बची है।
राप्ती की बाढ़ का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। ललिया थाना क्षेत्र के मथुरा कला निवासी नूरहसन (12) पुत्र निब्बर शनिवार शाम को बह गया जिसका शव रविवार को झाड़ियों में फंसा मिला। इसी तरह चौका कला निवासी ननकना (60) पत्नी दुखी बाढ़ के तेज बहाव में फंसकर बह गई। खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका है। ललिया थाना क्षेत्र के लालपुर फगुइया गांव में ननकून यादव व रोजगार सेवक जिलाजीत यादव बाढ़ में फंस गए। बचने के लिए वे दोनों एक पेड़ पर चढ़ गए। उन्हें जिला पंचायत सदस्य शिवप्रताप यादव व अन्य ग्रामीणों की मद्द से किसी तरह सकुशल उतार कर बाढ़ से बचाया गया। बौद्ध परिपथ (तुलसीपुर मार्ग) स्थित बेलहा डिप पर शनिवार देरशाम एक ट्रैक्टर-ट्राली तेज बहाव में फंसकर पलट गई। ट्रैक्टर पर सवार बेलहा निवासी पप्पू सिंह व चार अन्य लोगों ने कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाया। ट्रैक्टर-ट्राली कुछ दूर पर फंसा हुआ है। बौद्ध परिपथ पर ही शारदा पब्लिक स्कूल के पास तीन लोग पिछले 30 घंटे से बाढ़ में फंसे थे। बचाव के लिए वे निर्माणाधीन दीवार पर चढ़ गए। उन्हें राकेश मिश्र नामक एक साहसी ग्रामीण ने जान पर खेलकर सकुशल बचा लिया। रस्सी के सहारे बाहर निकले पवन कुमार, राम देव व एक अन्य युवक ने राकेश का आभार जताया।