समाजवादी पार्टी की आंतरिक कलह उसे खा जाएगीः मनोज सिन्हा
केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने आज कहा कि सपा में आंतरिक कलह उसे खा जाएगी। अखिलेश मुगलों की तरह अपने पिता को राजनीति से अलग करने में लगे हैं।
बलिया (जेएनएन)। केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने आज कहा कि सपा में आंतरिक कलह उसे खा जाएगी। अखिलेश मुगलों की तरह अपने पिता को राजनीति से अलग करने में लगे हैं। इसमें कई लोग अपनी-अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में जुटे हैं। वर्तमान समय में पार्टी पूरी तरह से अलग-थलग पड़ गई है।
पढ़ें- महसूस कर रहे थे एक शख्स की वजह से होगा नुकसान : आजम
फेफना में कई योजनाओं की नींव
केंद्रीय मंत्री ने आज दोपहर में बलिया के फेफना रेलवे स्टेशन पर जनसभा के साथ छह योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इसमें फेफना-इंदारा व मऊ-शाहगंज रेल खंडों का दोहरीकरण व विद्युतीकरण के साथ ही करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से सब्जी और फल भंडारण के लिए स्टेशन पर बनने वाले कोल्ड स्टोरेज, वाई फाई सेवा, विधानसभा फेफना में ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने, फेफना, सागरपाली व चितबड़ागांव रेलवे स्टेशन के सुंदरीकरण, फेफना जंक्शन पर सुविधा परक ट्रेनों के ठहराव, सिंहाचवर गांव में भूमिगत रेलवे क्रासिंग जैसे महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।
पढ़ें- सीएम अखिलेश के आज तुरुप का पत्ता चलने का दिन
रेलवे की उपलब्धियां गिनाईं
जनसभा में रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि पिछली सरकार में रेलवे ने 48 हजार करोड़ का निवेश किया था। मोदी सरकार ने अब तक एक लाख करोड़ का निवेश किया है। यह रेलवे की सबसे बड़ी उपलब्धि कही जा सकती है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल के विकास के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह से कटिबद्ध है और इसी दिशा में यह सारी योजनाएं शुरू हो रही है। जनसभा में रेल राज्य मंत्री ने केद्र की योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही जनहित से जुडे समस्याओं के निराकरण की भी बात कही।
पढ़ें- अमर सिंह के करीबियों पर गाज, चाचा शिवपाल यादव समेत चार मंत्री बर्खास्त