सड़क विस्तार की जद में आए मकान ध्वस्त
फेफना (बलिया) : फेफना से गड़वार सुखपुरा होकर निकलने वाले बलिया बाईपास के लिए सड़क चौड़ी करने के अभियान
फेफना (बलिया) : फेफना से गड़वार सुखपुरा होकर निकलने वाले बलिया बाईपास के लिए सड़क चौड़ी करने के अभियान की शुरुआत सोमवार को फेफना तिराहे से हुई। तिराहे से गांव तक सड़क की जद में आने वाले मकानों पर लोक निर्माण विभाग के बुलडोजर चले और देखते ही देखते वहां के दर्जनों मकानों की शक्ल सूरत खराब हो गई। पीडब्ल्यूडी ने महीनों पहले इसके लिए नोटिस दे रखी थी। जिन मकानों को लोनिवि ने गिराया उनके स्वामियों को काफी पहले मुआवजा भी दिया जा चुका है।
बलिया बाईपास निर्माण के लिए कवायद काफी पहले शुरू हुई। सड़क चौड़ीकरण के लिए चिह्नांकन शुरू हुआ तो ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। मामला न्यायालय तक भी गया। अंतत: ग्रामीणों को कोई राहत नहीं मिली। विभाग ने मकानों पर उस सीमा तक लाल निशान लगाया जहां तक कब्जा हटाया जाना था। लोनिवि ने इसके लिए ग्रामीणों की सहमति से जिला प्रशासन संग बैठकर मुआवजा तय किया तथा गांव में 80 से 90 लाख के बीच मुआवजा भी वितरित किया। विभाग ने ग्रामीणों से तय सीमा तक खाली करने के लिए 30 मई तक खाली करने का समय दिया था। समय सीमा समाप्त होने के बाद भी विभाग ने दो बाद इसकी मुनादी कराई। सोमवार को लोनिवि के अवर अभियंता राहुल कुमार लाव लश्कर के साथ फेफना तिराहा पहुंचे और सड़क के किनारे की सड़कों को एक-एक गिराना शुरू किया। जब मकान टूटने लगे तो लोग परेशान हो गए। कुछ लोगों ने हल्का विरोध भी किया पर बाद में चुपचाप अपने टूटते मकान को देखते रहे। हालांकि लोगों को इस बात की जानकारी पहले से थी और लोगों ने मकान खाली भी कर दिया था। कुछ लोगों ने अपने मकान का हिस्सा हटा भी लिया था। जिन लोगों ने मकान नहीं तोड़ा था उनका नुकसान ज्यादा हुआ। बुल्डोजर से तोड़े जाने के कारण मकान के अधिक हिस्से भी ध्वस्त हो गए।
आज भी चलेगा अभियान
लोनिवि के अभियंता राहुल कुमार ने बताया कि यह अभियान मंगलवार को भी जारी रहेगा। कहा बाईपास की जद में आने वाले सभी मकानों को तोड़ा जाएगा।