विपरीत परिस्थितियों में डा.शशिकांत ने संभाला पद
बलिया : विपरीत परिस्थितियों में डा.शशिकांत त्रिपाठी ने कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष का पद संभाल लिया। मंगलवार को उन्होंने कांग्रेस भवन के सभागार में पद व गोपनीयता की शपथ ली और एलान किया कि पार्टी को अर्श की ऊंचाई देने को वह कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ से लेकर ब्लाक स्तर तक मजबूत व गतिशील बनाया जाएगा। पूर्व जिलाध्यक्ष पं.राजीव उपाध्याय ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लें। प्रदेश उपाध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने कहा कि देश की सीमाओं पर सेना के जांबाज जवान शहीद हो रहे हें और प्रधानमंत्री विदेश का दौरा कर मैत्री संबंध बना रहे हैं। महंगाई की मार से जनता कराह रही और देश में बुलेट ट्रेन चलाने का इंतजाम हो रहा है। बाद में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ जुलूस निकाल शहीद पार्क चौके में बापू की प्रतिमा के समक्ष नरेंद्र मोदी सरकार को हटाने का संकल्प लिया। इस मौके पर पूर्व मंत्री बच्चा पाठक, राजधारी, पूर्व विधायक सुधीर राय, राघवेंद्र प्रताप सिंह, विजय मिश्र, सियाराम यादव, शशिकांत चतुर्वेदी, राजेश सिंह, बृजेश सिंह गाट, नवीन सिंह, ओम प्रकाश पांडेय आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र नाथ राय ने किया।