समस्याओं का समाधान नहीं तो करेंगे कामबंद
रसड़ा (बलिया) : विद्युत मजदूर पंचायत उप्र की हाईडिल कालोनी पर बुधवार को हुई बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो मजदूर काम बंद हड़ताल पर जा सकते हैं। अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष बीबी सिंह ने कहा कि रसड़ा विद्युत उपकेंद्र के तहत विभागीय कर्मचारियों की संख्या 39 के सापेक्ष 10 है। प्राइवेट कर्मचारियों के बदौलत विभागीय अनुरक्षण का कार्य पिछले 10 सालों से किया जा रहा है तथा इसके बदले इन्हें केवल आश्वासन ही मिलता रहा है। कहा कि जब प्राइवेट कर्मचारी पैसा मांगते हैं तो उन्हें निकालने की चेतावनी दी जाती है तथा एफआइआर कराया जाता है। कहा गया कि मजदूरों का शोषण अब बर्दास्त नहीं किया जाएगा। चेतावनी दी गई कि अगर प्राइवेट कर्मचारियों की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो काम बंद हड़ताल किया जाएगा। इस मौके पर शांता राम, मिथिलेश उपाध्याय, कृष्ण सिंह, सुबोध, विनोद चौहान, शंभू सिंह, शमशेर, हरिनाम, मदन लाल, अफजल अंसारी, ओमप्रकाश व मुन्ना आदि ने भी विचार रखे। संचालन जिलामंत्री संतोष कुमार ने किया।