ईद के लिए बाजारों में चहल-पहल बढ़ी
बलिया : ईद नजदीक आने से बाजारों में खरीदारी करने वालों की भीड़ बढ़ गई है। बाजारों में कपड़ों की दुकानों पर एक से एक अच्छे कपड़ों की लोग खरीदारी कर रहे हैं। वहीं सेवई की दुकानों पर भी महिलाओं की अच्छी भीड़ लग रही है। रमजान में रोजे के बाद ईद की मुस्लिम बंधुओं को बेसब्री से इंतजार रहता है।
ईद पर हर किसी के लिए नए परिधान बनते हैं। वहीं बच्चे अपनी पसंद के अनुसार खरीदारी करने में जुट गए हैं। दुकानों पर भी एक से बढ़कर एक कपड़ों के डिजाइनों का रेंज दिखने लगा है। ईद के अवसर पर छूट व गिफ्ट भी दुकानदार देने में पीछे नहीं है। बाजारों में हो रही भीड़ से दुकानदार भी काफी उत्साहित हैं।
रसड़ा प्रतिनिधि के अनुसार रमजान माह के खत्म होने पर पड़ने वाले ईद के त्योहार के मद्देनजर इस समय बाजार में चहल-पहल और रौनक बढ़ गई है। वर्ष भर इंतजार के बाद पड़ने वाले रमजान माह के अंत में ईद के त्योहार मनाने की हर तरफ खुशी और उल्लास है। महंगाई के बावजूद बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढ़ गई है। गौरतलब है कि मात्र एक दिन शेष है ईद आने में। मंगलवार को ईद का त्योहार है। बाजार में रेडीमेड कपड़ों, जूता-चप्पल, सौन्दर्य प्रसाधन तथा सेवई आदि की दुकानों पर इस समय खरीदारों की काफी भीड़ लग रही है। हर तरफ मुस्लिम बंधु अपनी सामर्थ्य के अनुसार खान-पान के सामानों के साथ कपड़ा, जूता, चप्पल व अन्य सामाग्री खरीदने में व्यस्त हैं। मुस्लिम बंधु ईद का त्योहार हंसी-खुशी और जोश-खरोश से मनाने के ख्वाहिश मंद हैं और तैयारी में लगे हैं।