आत्मीयता से याद किया अपने चंद्रशेखर को
बलिया : बागी धरती के लाल पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर को उनकी 88 वीं जयंती पर गुरुवार को आत्मीयता से याद किया गया। जिले भर में कार्यक्रमों की धूम रही। सांसद नीरज शेखर की पत्नी सुषमा शेखर व सपा जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह के नेतृत्व में सदर अस्पताल व महिला चिकित्सालय में मरीजों को फलादि वितरित किया। वहीं चंद्रशेखर नगर स्थित झोपड़ी पर सर्वधर्म भजन-कीर्तन तथा चंद्रशेखर उद्यान में सर्व धर्म प्रार्थना सभा हुई। 'जब तक सूरज चांद रहेगा चंद्रशेखर तेरा नाम रहेगा' जैसे गगनभेदी नारों से नगर-देहात गुंजायमान होते रहे।
बिरले ही पैदा होते चंद्रशेखर सरीखे : रामगोविंद
चंद्रशेखर नगर स्थित झोपड़ी पर हुई सभा में सूबे के बेसिक शिक्षा मंत्री राम गोविंद चौधरी ने कहा कि चंद्रशेखर जैसे लोग बिरले ही पैदा होते हैं। उन्होंने देश की राजनीति को नई दिशा दी। उनके अधूरे सपनों को पूरा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। पिछड़ा वर्ग एवं कल्याण मंत्री अंबिका चौधरी ने कहा कि चंद्रशेखर किसी व्यक्ति-व्यक्तित्व का नाम नहीं बल्कि उस संपूर्ण राष्ट्रीय सोच का नाम है जिन्होंने समग्र राष्ट्र निर्माण की सोच के साथ बागी धरती की सोंधी सी महक को पूरे विश्व में बिखेरा। खेल मंत्री नारद राय ने कहा कि चंद्रशेखर ने आजीवन संसदीय गरिमा का ध्यान रखा। आज उनके आदर्शो को आचरण में उतारने का संकल्प लेने की जरूरत है। सांसद नीरज शेखर, राणा सिंह, प्रेम शंकर चतुर्वेदी, श्याम बहादुर सिंह, राज मंगल यादव, बब्लू तिवारी, रघुपति, राघव सिंह, जमाल आलम, लक्ष्मण गुप्ता, मंटू दुबे आदि मौजूद थे। अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह व संचालन सुशील कुमार पांडेय कान्ह जी ने किया। आभार सुषमा शेखर ने व्यक्त किए।
वसूलों से कभी नहीं किया समझौता
पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ने वसूलों से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने हमेशा समाज की अंतिम कतार में खड़े लोगों के लिए सोचा। उनका मानना था कि अन्याय सहने वाला भी उतना ही दोषी जितना अन्याय करने वाला है। ऐसे महापुरुष के आदर्शो को आचरण में उतारने की जरूरत है। यह बातें चंद्रशेखर उद्यान में आयोजित समारोह में कही गई। यह आयोजन शेखर फाउंडेशन व चंद्रशेखर विचार मंच के संयोजकत्व में किया गया। सर्व धर्म प्रार्थना सभा में उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के पश्चात उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर खुल कर चर्चा हुई। एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू , केपी सिंह, डॉ.लॉरी, गिरजा शंकर सिंह, पूर्व प्रमुख वंश बहादुर सिंह, अनिल सिंह, मनोज सिंह, आलोक सिंह, प्रद्युम्न सिंह, अनिरुद्ध सिंह, कामता सिंह, दीपक सिंह आदि मौजूद थे।
आदर्शो पर चलने का लिया गया संकल्प
रसड़ा : मथुरा पीजी कालेज छात्रसंघ की हुई बैठक में वक्ताओं ने चंद्रशेखर का भावपूर्ण स्मरण करते हुए उन्हें सच्चा देशभक्त व क्रांतिदर्शी विचारक बताया। इस मौके पर इंद्रजीत सिंह, मान सिंह, नित्यानंद, विक्रम खरवार, अमित सिंह, बलवंत सिंह, धनन्जय सिंह, अभिषेक सिंह भोला, धनन्जय पांडेय आदि मौजूद थे। अध्यक्षता छात्र संघ अध्यक्ष अभिषेक सिंह व संचालन दीपक सिंह ने किया। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी कार्यालय पर विजय शंकर यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री के आदर्शो को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस मौके पर चंद्रशेखर सिंह, चंद्रमा सिंह, वशिष्ठ नारायण सोनी, लल्लन यादव, रवींद्र यादव, अभय सिंह रिंकू, अरविंद गिरि आदि मौजूद थे। संचालन उत्तीर्ण पांडेय ने किया।
..तब-तब याद आते रहेंगे चंद्रशेखर
बैरिया (बलिया): पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की जयंती पर यहां बैरिया शीत गृह में समाजवादियों द्वारा उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि देश जब भी विषम परिस्थितियों से गुजरेगा, तब-तब चंद्रशेखर याद आएंगे। वक्ताओं में विधायक जयप्रकाश अंचल, जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह, मनोज सिंह, सूर्यभान सिंह, निर्भय सिंह गहलौत, मोतीचंद पांडेय, शैलेश सिंह, प्रेमशंकर सिंह आदि शामिल थे। अध्यक्षता नृपेंद्र मिश्र बागी व संचालन विनायक मौर्य ने किया।