छेड़खानी से मना करने पर भाई-बहन को पीटा
बिल्थरारोड (बलिया): उभांव थाना क्षेत्र के पड़सरा नदौली ताजपुर गांव में (महुआ बाबा स्थान) पर रविवार को पूजन के लिए गए भाई-बहन को छेड़खानी से मना करने पर दबंगों ने जमकर पिटाई कर दी। भाई की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उनके पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हल्दीरामपुर गांव निवासी जीउत राजभर (23) अपनी 22 वर्षीय बहन के साथ पिछले कई माह से महुआ बाबा स्थान पर पूजा करने के लिए जाता रहा है। सुबह भी वह बाबा के स्थान पर जा रहा था। इसी बीच कुछ दबंग युवकों ने उसकी बहन से छेड़खानी करना शुरू कर दिया। बहन ने इसकी जानकारी अपने भाई को दी तो उसने उन्हें ऐसा करने से मना किया। इस पर युवकों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। बीचबचाव करने पहुंची उसकी बहन की भी पिटाई दबंगों ने कर दी। उभांव थानाध्यक्ष अरुण कुमार दुबे ने बताया कि मामले में तीन लोगों को नामजद करने के साथ ही पांच अज्ञातों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर