दलित किशोरी से दुष्कर्म, मुकदमा
बहराइच : सुजौली थाना क्षेत्र के चहलवा ग्रामपंचायत के बिहारीपुरवा गांव में दस दिन पूर्व एक दलित किशोरी से गांव के ही एक व्यक्ति ने दुष्कर्म किया। परिजन मुकदमा दर्ज कराने के लिए भटकते रहे। आरोपी उस पर निरंतर सुलह के लिए दबाव बनाते रहे। आखिरकार पुलिस को मुकदमा दर्ज करना पड़ा। आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।
गत आठ अप्रैल को गांव की एक किशोरी घास लेने खेत गई थी। वापस लौटते समय गांव के ही एक व्यक्ति ने उसे दबोच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी ने घर आकर परिजनों को जानकारी दी। परिजन अभियोग दर्ज कराने के लिए थाने का चक्कर लगाते रहे। इस दौरान आरोपी पीड़िता पर सुलह के लिए दबाव बनाते रहे। पीड़िता के रुख में परिवर्तन न होने पर आखिरकार पुलिस को मुकदमा दर्ज करना पड़ा। शनिवार को पुलिस ने आरोपी बिहारीपुरवा निवासी मनोहर(35) पुत्र कुंवर के विरुद्ध दुष्कर्म, धमकाने तथा पास्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। सुजौली थानाध्यक्ष भीष्मपाल सिंह ने बताया कि पीड़िता के माता-पिता नहीं थे। घर आने पर किशोरी ने आपबीती सुनाई। पुलिस को जैसे ही तहरीर मिली। मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।