दबंगों ने किशोरी का फिर किया अपहरण
बहराइच : थाना रामगांव क्षेत्र के गुलरा रायपुर गांव में किशोरी का अपहरण हो गया था। रिपोर्ट दर्ज की गई
बहराइच : थाना रामगांव क्षेत्र के गुलरा रायपुर गांव में किशोरी का अपहरण हो गया था। रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने किशोरी को बरामद किया। विधिक कार्रवाई के बाद उसे परिवारीजनों को सौंप दिया गया। दबंग लोग फिर किशोरी को अगवा कर ले गए। पुलिस इस मामले को दबंगों के रसूख के चलते दबा रही है। किशोरी की मां ने सात लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस इस मामले में कुछ बोलने से इंकार कर रही है।
गांव की महिला ने बताया कि 17 मई को वह अपनी बेटी के साथ घर पर लेटी थी। रात 12 बजे इसराइल, रहमान, सुभान, शरीफ समेत सात लोग घर में घुस आए। बेटी को अगवा कर ले गए। शोर-शराबे पर जब गांव के लोग दौड़े तो आरोपियों ने असलहा लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी। डर से कोई किनारे नहीं गया। आरोपी किशोरी को लेकर चले गए। तहरीर पुलिस को दी गई। पुलिस तहरीर लेकर मौन हो गई। थानेदार चौकी इंचार्ज पर तो चौकी इंचार्ज थानेदार पर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी डालकर मामले को टरका रहे हैं। खुलेआम घूम रहे आरोपी उसे मामले में सुलह करने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस इस मामले में मौन साधे हुए है।