खत्म नहीं हो रहे गंदगी के बदनुमा दाग
बहराइच : नगर पंचायत रिसिया का ऋषि भूमि वार्ड सफाई व्यवस्था दुरुस्त होने की बाट जोह रहा है। जगह-जगह व
बहराइच : नगर पंचायत रिसिया का ऋषि भूमि वार्ड सफाई व्यवस्था दुरुस्त होने की बाट जोह रहा है। जगह-जगह वार्ड में कूड़े के ढेर से उठने वाली दुर्गंध से लोग परेशान हैं। नालियां चोक होने से जलनिकासी व्यवस्था पटरी से उतर गई है। सफाई व्यवस्था ठीक करने के लिए लोग जिम्मेदारों से फरियाद लगाते हैं। जनप्रतिनिधि भी वार्ड से गुजरते हैं, लेकिन सफाई व्यवस्था की ओर ध्यान नहीं जाता है। वार्ड में सोलर लाइट के जरिए प्रकाश व्यवस्था सुधारने के कदम को लोगों ने सराहा है, लेकिन गंदगी का दर्द कचोट रहा है। रविवार को जागरण प्रतिनिधि ने वार्ड का जायजा लिया। प्रस्तुत है रिपोर्ट -
साफ-सफाई बनी मुसीबत
वार्ड में सड़कों पर कूड़े के ढेर से उठने वाली दुर्गंध से लोगों का निकलना दूभर है। उत्तम अग्रवाल, विक्रम ¨सह ने बताया कि वार्ड में साफ-सफाई की व्यवस्था बदहाल है। देखरेख के अभाव में कूड़ेदान टूट चुके हैं। लोग सड़कों पर ही कूड़ा डाल देते हैं। इसे उठाने की व्यवस्था भी नियमित नहीं है।
चोक नालियां से बढ़ी समस्याएं
वार्ड में नालियां चोक हो गई हैं। नालियां कूड़े के ढेर से पटी पड़ी हैं। इससे नालियों का पानी सड़कों पर भरा रहता है। साहिल इदरीशी, उजेर व सलीम ने बताया कि नालियों की सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। सफाई कर्मी कभी-कभार ही दिखते हैं। टूटी नालियों की मरम्मत भी नहीं की जाती।
जानलेवा साबित हो सकता है खुले में रखा ट्रांसफार्मर
वार्ड में सीएचसी जाने वाले मार्ग पर खुले में ट्रांसफार्मर रखा हुआ जो खतरनाक साबित हो सकता है। हेमंत अग्रहरि, शिखर यज्ञसैनी ने बताया यह राहगीरों सहित स्थानीय निवासियों के लिए भी खतरनाक हो सकता है।
पेयजल की बढ़ी किल्लत
सुमित कश्यप, गौतम अग्रहरि ने बताया कि वार्ड में लगा इंडिया मार्का हैंडपंप कई महीनों से खराब पड़ा है। इसके चलते पेयजल की किल्लत बनी हुई है। हैंडपंपों के पास बिखरी गंदगी से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
क्या कहती हैं सभासद
वार्ड के सभासद प्रतिनिधि बरसाती लाल ने बताया कि सफाई व्यवस्था की समस्या का जल्द ही निपटारा कराया जाएगा। वार्ड में कूड़ादान रखवाया गया है। इसके प्रयोग के लिए वार्ड में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
क्या कहते हैं अध्यक्ष
नपं अध्यक्ष राजेश निगम ने कहा कि नगर के सभी वार्डों की समास्याओं पर उनकी नजर है। समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। यदि कहीं समस्याएं हैं तो वार्डवासियों से संवाद कर उसका निराकरण कराया जाएगा।