बारिश से भीगी तराई, गर्मी से मिली राहत
बहराइच : मई महीने में 45 डिग्री तापमान को छूने के करीब पहुंच रही गर्मी पर मौसम के बदले मिजाज ने ब्र
बहराइच : मई महीने में 45 डिग्री तापमान को छूने के करीब पहुंच रही गर्मी पर मौसम के बदले मिजाज ने ब्रेक लगा दिया है। सोमवार सुबह अचानक मौसम ने करवट ले ली। आसमान पर घनेरे बादल छा गए। तेज हवाओं के साथ गरज-चमक के बीच झमाझम बारिश होने लगी। बदले मौसम के मिजाज से वातावरण खुशगवार हो गया। 16 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। बारिश के बाद अधिकतम तापमान में औसतन आठ से नौ डिग्री की गिरावट आ गई। मानसून पूर्व हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। तपती धरती की प्यास भी बुझती नजर आई। जायद, मेंथा व गन्ना की फसलों को बारिश से फायदा हुआ है। मानसून आने से पहले ही बादलों के बरसने का क्रम जारी है। दो दिन पहले हुई बारिश के बाद सुबह फिर आसमान पर काले बादल छा गए। सुबह नौ बजे के करीब हवा के झोंकों के साथ बारिश शुरू हो गई। आधे घंटे की तेज बारिश के बाद कुछ देर तक बूंदाबांदी का दौर चलता रहा। पूर्वाह्न 11 बजे के करीब जाकर आसमान साफ हुआ, लेकिन बादलों के लुकाछिपी का खेल जारी रहा। अपराह्न दो बजे के करीब अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया। दिन के अधिकतम तापमान में आई गिरावट से लोगों को झुलसा रही गर्मी से निजात मिली है। सुबह बारिश के दौरान भी लोग मौसम का आनंद उठाने के लिए घरों से बाहर निकले। बारिश के चलते शहर के ढपालीपुरवा, घसियारीपुरा, हमजापुरा, बक्शीपुरा व नौवागढ़ी में जलभराव की स्थिति बन गई। इससे आवागमन में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिला अस्पताल परिसर, रोडवेज बस अड्डा, कृषि भवन परिसर, केडीसी के सामने रोड पर भी जलभराव होने से लोग परेशान रहे। महसी संवादसूत्र के अनुसार सुबह उमड़ - घुमड़ कर आए बादलों से मौसम सुहावना हो गया। हवाओं के साथ हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। गंगापुरवा निवासी किसान गया प्रसाद ने बताया कि सूख रही सब्जी की फसल को लिए बारिश से काफी फायदा पहुंचा है। हुजूरपुर, कैसरगंज, फखरपुर, नानपारा आदि जगहों पर भी हल्की से मध्यम बारिश से राहत मिली है।
शीघ्र करें ढैंचे की बोआई
फसल अनुसंधान केंद्र प्रभारी कृषि वैज्ञानिक डॉ. एमवी ¨सह ने बताया कि इस बार मानसून के सामान्य रहने के आसार हैं। मानूसन आने से पहले की बारिश से किसानों को खरीफ फसलों की बोआई से पूर्व की तैयारी करने में मदद मिलेगी। तीन दिन पूर्व हुई 48 मिमी. बारिश के बाद सोमवार को हुई 16 मिमी. की बारिश गन्ने की फसल, मेंथा, जायद की सब्जियों व दलहनी फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी। वहीं किसान हरी खाद बनाने के लिए ढैँचे की बोआई भी शीघ्र कर दें।