बिजली फीडर फुंका, लाखों आबादी अंधेरे में
नानपारा(बहराइच) : स्थानीय नगर स्थित नानपारा का बिजली फीडर सोमवार देर रात तकरीबन 11 बजे फुंक गया। आग
नानपारा(बहराइच) : स्थानीय नगर स्थित नानपारा का बिजली फीडर सोमवार देर रात तकरीबन 11 बजे फुंक गया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगी। लपटें देख आसपास के लोग सहम गए। सूचना दमकलकर्मियों को दी गई। काफी मशक्कत के बाद आब पर काबू पाया गया। नानपारा व नवाबगंज की एक लाख से अधिक की आबादी अंधेरे में आ गई। लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस गए।
मंगलवार सुबह लोगों की जब आंखें खुली तो घरों में अंधेरा पसरा रहा। यह सिलसिला पूरे दिन बना रहा। पीने के पानी के लिए लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। हालांकि इंडिया मार्का टू हैंडपंप व घरों में लगे हैंडपंप के सहारे पानी की दुश्वारियां कम हुई। शाम तक लोग बिजली आने का इंतजार करते रहे, लेकिन आपूर्ति बहाल न हो सकी। चिपचिपाती उमस भरी गर्मी में लोग बिना बिजली के बेहाल रहे। व्यापारिक गतिविधियां भी ठप हो गई। जनरेटर से आपूर्ति सुनिश्चित की, लेकिन शोर से अगल-बगल रहने वाले लोगों की नजरें तनी रहीं। देर शाम तक भी बिजली आपूर्ति बहाल न हो पाई थी। उप खंड अधिकारी अताउलजफर ने बताया कि फाल्ट बड़ा है। इसे दुरुस्त करने में काफी समय और श्रम लग रहा है। मंगलवार देर रात तक आपूर्ति बहाल करने की उन्होंने बात बताई। दूसरी तरफ स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिजली की किल्लत दिनोंदिन बढ़ रही है। मिहींपुरवा कस्बे में बिजली की किल्लत को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों ने मिहींपुरवा बाजार बंद कर अपना विरोध जताया था। लोगों का कहना था कि सुधार के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन कस्बे में यह दिखाई नहीं दे रहा है। गर्मी से लोगों का जीना मुहाल है। अधिकारी सिर्फ आपूर्ति के कागजी दावे करने में मशगूल हैं।