सुबह से ही बच्चों पर चढ़ा होली का चटख रंग
बहराइच : असत्य पर सत्य के विजय का पर्व होली का उल्लास सुबह से ही बहराइच की फिजाओं में घुल गया। खासतौ
बहराइच : असत्य पर सत्य के विजय का पर्व होली का उल्लास सुबह से ही बहराइच की फिजाओं में घुल गया। खासतौर से बच्चों में। नौनिहालों ने हाथों में पिचकारी थाम ली और बड़े-बुजुर्गों को रंगों से सराबोर करना शुरू कर दिया।
स्कूल, कॉलेज बंद होने के कारण पढ़ाई से फुर्सत पा बच्चे होली की मस्ती में डूब गए और घरों से निकलकर होली खेलने की शुरुआत कर ली। शहर के मुख्य मार्गों से सटे मुहल्लों बड़ीहाट, बरहियापुरा, गुदड़ी, मीराखेलपुरा, छोटी बाजार, रायपुरराजा, बशीरगंज ही नहीं, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, निजी बस अड्डा, चौक घंटाघर आदि प्रमुख इलाकों से जो भी निकला, बच्चों की पिचकारियों से बच नहीं सका। लाल, हरी, काली, नीली विभिन्न रंग आकार की पिचकारियां लिए बच्चे खुद तो रंगों से सराबोर थे ही, आने-जाने वालों में भी होली की उमंग भर रहे थे। किलकारियों के साथ उनका रंग छोड़कर हंसना हर किसी को आनंदित कर रहा था। उनकी मस्ती से न बच्चे छूट रहे थे न बूढ़े। महिलाएं भी रंगों का आनंद उठा रही थी।