धनतेरस आज, बाजार में रौनक
बहराइच : धनतेरस के पर्व के साथ दीपावली पर्वो की श्रृंखला शुरू हो रही है। घरों और दुकानों की रंगाई पु
बहराइच : धनतेरस के पर्व के साथ दीपावली पर्वो की श्रृंखला शुरू हो रही है। घरों और दुकानों की रंगाई पुताई पूरी हो चुकी है। ग्राहकों को रिझाने के लिए व्यापारियों ने अपनी दुकानें आकर्षक ढंग से सजा ली हैं। सोमवार से ही पर्व के लिए खरीदारी शुरू हो गई। भीड़ व असुविधा से बचने के लिए कुछ ग्राहकों ने पहले से ही सामानों की बुकिंग करवा ली है। कैसरगंज बाजार में भी चहल-पहल बढ़ गई है। पर्व को उत्साह और उमंग से मनाने के लिए तैयारियों जोरों पर हैं। लोग दीपावली से पहले घरों को सजाने संवारने में लगे हैं।
दीपावली पर्व पर शहर गांव और कस्बे सभी जगह विभिन्न सामानों की बिक्री के लिए दुकानें सज गई हैं। अब दुकानदारों को उनके ग्राहकों का बेसब्री से इंतजार है। धनतेरस के मौके पर गणेश लक्ष्मी की मूर्तियां, आभूषण, बर्तन, कपड़े, मिठाई, खील बताशे, लइया और झालर बिकने के लिए तैयार हैं।
बर्तन बाजार : दीपावली व धनतेरस पर नये बर्तनों की खरीद का विशेष महत्व है। बर्तनों की दुकानों पर भीड़ भी खूब उमड़ रही है। घंटाघर बाजार के बर्तन व्यवसायी जगन्नाथ प्रसाद ने बताया कि लोग फूल के बर्तन, लोटा, स्टील, थाली, कटोरी, चम्मच आदि की खरीदारी कर रहे हैं। स्टील की भगौना व थाली 200-480 रुपये प्रति किलोग्राम में बिक रही है। फूल की थाली 1150 रुपये में, लोटा 750-850 रुपये में है। चाइनीज बर्तन भी खूब पसंद किये जा रहे हैं। चाइनीज चिली कटर 600 रुपये में, चाइनीज कढ़ाई, हांडी आदि भी उपलब्ध हैं।
सर्राफा बाजार : आभूषणों की दुकानों में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। धनतेरस के मौके पर खरीदारी के लिए गणेश लक्ष्मी की प्रतिमा से सुसज्जित चांदी व सोने के सिक्के नये माडल में आए हैं। सर्राफा व्यवसायी रमेश कुमार ने बताया चांदी का 10 ग्राम का पुराना सिक्का 800 रुपये व नया सिक्का 430 रुपये में है। चांदी डॉलर 100 ग्राम 4400 रुपये में है।