चोक नालियां, बदहाल मार्ग इंदिरा नगर की पहचान
बहराइच: नगर पंचायत रिसिया के इंदिरा नगर वार्ड में मुहल्लावासी समस्याओं से जूझ रहे हैं। टूटे खंभों पर
बहराइच: नगर पंचायत रिसिया के इंदिरा नगर वार्ड में मुहल्लावासी समस्याओं से जूझ रहे हैं। टूटे खंभों पर दौड़ते बिजली के तार इनके लिए मुसीबत का सबब बन सकते हैं। चोक नालियां, मुख्य चौराहों पर फैली गंदगी, अतिक्रमण व बदहाल मार्ग लोगों की समस्याओं को और बढ़ा रहे हैं। इसकी शिकायत भी नगर पंचायत प्रशासन से की जाती है, लेकिन इन्हें गंभीरता से लेना उचित नहीं समझा जा रहा है। प्रस्तुत है विकास शर्मा की रिपोर्ट-
- जर्जर पोल बने मुसीबत
इंदिरा नगर के मुख्य मार्ग पर करीब आधा दर्जन पोल जंग खाकर खोखले हो गये हैं। वार्ड निवासी श्रवण मित्तल, संतोष ओझा ने बताया कि खंभों पर दौड़ते बिजली के तार नागरिकों के लिए मुसीबत बन चुके हैं। लेकिन नगर प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है।
-चोक नालियां से बंद जल निकासी
इंदिरा नगर वार्ड में चोक नालियों से जल निकासी की समस्या बढ़ती जा रही है। वार्ड निवासी पवन गुप्ता, प्रमोद अग्रवाल ने बताया कि जलनिकासी की व्यवस्था न होने के चलते मार्ग कीचड़युक्त हैं। निर्माणाधीन मार्ग के किनारों की नालियां अभी बननी हैं। गड्ढों के रूप में खोदे गये वैकल्पिक नाले जल निकासी की समस्या बढ़ा रहे हैं।
-निर्माणाधीन मार्ग बना मुसीबत
वार्ड के मुख्य चौराहे का मार्ग करीब आठ महीने से निर्माणाधीन हैं। आशीष अग्रहरि, हेमंत अग्रहरि ने बताया कि मार्ग पर पत्थर डाल दिए गए हैं और निर्माण कार्य भी बहुत धीमा है। इसके चलते मुहल्लावासियों के साथ-साथ राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कार्यदायी संस्था की उदासीनता इनके लिए मुसीबत बन चुकी है।
-कूड़े के ढेर से बढ़ी गंदगी
वार्ड के मुख्य चौराहे व गैस एजेंसी के पास कूड़े के ढेर से गंदगी बढ़ती जा रही है। शुभम शर्मा ने बताया कि सफाई न होने से नालियां कूड़ों से पटी हैं। जिसके निदान के लिए कोई भी पहल नहीं की जा रही है। मुहल्लावासी परेशान हैं। वहीं नगर प्रशासन अंजान बना हुआ है।
-फैल सकती है संक्रामक बीमारी
कूड़े के ढेर से उठने वाली सड़ांध लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है जिससे कभी भी संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। नगर के ज्यादातर मुहल्लों के कूड़े के ढेर का जमावड़ा यहीं होता जिससे हालात बदतर होते जा रहे हैं।
-नहीं है स्पीड ब्रेकर
वार्ड निवासी राजकुमार गुप्ता व शिखर यज्ञसैनी ने बताया कि इंदिरानगर वार्ड का मुख्य मार्ग ब्रेकर विहीन है। जिसके चलते वाहन चालक काफी तेजी से इस मार्ग से गुजरते हैं। जिससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। मुहल्लावासियों ने वैकल्पिक स्पीड ब्रेकर का निर्माण किया था, लेकिन नगरपंचायत प्रशासन ने उसे तोड़वा दिया, जिससे समस्याएं बढ़ गई हैं।
क्या कहते हैं सभासद प्रतिनिधि
इंदिरा नगर वार्ड के सभासद प्रतिनिधि आशीष गर्ग ने बताया कि समस्याओं के प्रति वे सजग हैं जिसके निवारण के लिए नगर पंचायत प्रशासन को पत्र भेज दिया गया है। जल्द ही हालात दुरुस्त हो जाएंगे। सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त कराई जाएगी। जंग लगे खंभों को बदलवाने के लिए नगर प्रशासन को अवगत कराया गया है।
क्या कहते हैं नपं अध्यक्ष
नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश निगम ने बताया कि वार्ड की समस्याओं को दूर करने के लिए वह हमेशा प्रयासरत रहें हैं। लेकिन फिर भी कहीं कोई कमी रह जाती है तो उसे भी ठीक कराया जाएगा।