दीपावली पर बाजारों में बढ़ी रौनक
बहराइच : दीपावली पर्वो की शुरूआत मंगलवार को धनतेरस पर्व के साथ होगी। त्योहार के मद्देनजर गांव और शहर
बहराइच : दीपावली पर्वो की शुरूआत मंगलवार को धनतेरस पर्व के साथ होगी। त्योहार के मद्देनजर गांव और शहर के बाजारों में चहल-पहल बढ़ने लगी है। इस मौके पर लोग जहां इलेक्ट्रानिक्स सामान, आभूषण, बर्तन आदि खरीदने की तैयारी कर रहे हैं। बच्चों और महिलाओं में पर्व का विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
दीपावली आने में केवल तीन दिन रह गये हैं। महिलाएं जहां कपड़े, बर्तन, सजावटी सामानों की खरीदारी में लगीं हैं, तो बच्चे पटाखे और खिलौना बंदूकें खूब खरीद रहे हैं। बच्चों की इसी दीवानगी को भुनाने में बाजार भी पीछे नहीं है। गली नुक्कड़ से लेकर शहर के बाजारों तक विभिन्न डिजाइनों के खिलौना बंदूकें व पिस्टल खूब छाई हुई हैं। चाइनीज वेरायटी का इसमें भी बोलबाला है। पीपल चौराहा स्थित खिलौनों के विक्रेता सोनी बताते हैं कि बच्चे अभी से खिलौना बंदूकें खूब खरीद रहे हैं। उन्होंने बताया कि चाइना सिक्स राउंड छोटी पिस्टल 35 व बड़ी साइज की 70 रुपये में बिक रही है। इसके अलावा उम्दा क्वालिटी की पिस्टल दो सौ रुपये तक में बिक रही है। इस तरह के दामों वाली पिस्टल में किशोर भी रुचि ले रहे हैं।
रंगोली है जरूरी
बहराइच : दीपावली में घरों के द्वार पर रंगोली बनाने का विशेष महत्व है। इसके लिए बाजार में अनेक प्रकार की रंगों और आकृतियों में रंगोली उपलब्ध है। सजावटी सामानों के विक्रेता रमेश ने बताया कि डिजाइनर रंगोली 30-200 रुपये की रेंज में उपलब्ध है। रंगोली सांचा व रेडीमेड दोनों प्रकार में खूब पसंद की जा रही है।