किसानों का गन्ना बकाया भुगतान शीघ्र हो
बहराइच : भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक(टिकैत)के प्रमुख महासचिव घनश्याम वर्मा ने आज कहा कि किसानों का
बहराइच : भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक(टिकैत)के प्रमुख महासचिव घनश्याम वर्मा ने आज कहा कि किसानों का गन्ना बकाया का भुगतान अविलंब कराया जाए। नहीं तो संगठन सड़क पर उतरने को बाध्य होगा। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में व्याप्त भ्रष्टाचार को खत्म कर खाद्यान्न वितरण प्रणाली को चुस्त दुरुस्त किया जाए। श्री वर्मा कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहे धरना स्थल पर किसानों को संबोधित कर रहे थे।
भाकियू पंचायत को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि उच्च न्यायालय व प्रदेश सरकार के आदेश के अनुसार सभी मिलों से बकाया गन्ना मूल्य शीघ्र भुगतान कराया जाए। उन्होंने गन्ना मूल्य भुगतान में विलंब करने वाली चीनी मिलों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में व्याप्त भ्रष्टाचार पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कोटेदार बेलगाम हो गये हैं। लोगों को उचित मूल्य व निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न नहीं मिल रहा है। मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी को संबोधित मांग पत्र में किसानों की फसल की लागत मूल्य का दुगुना मूल्य निर्धारण किये जाने की मांग भी की गई। मंडल अध्यक्ष किशन बिहारी वर्मा ने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा कृषि आयोग का गठन किये जाने की मांग की। बाराबंकी से रुपईडीहा तक जर्जर राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण तुरन्त प्रारम्भ किया जाए। घाघरा नदी पर स्थित संजय सेतु पर टोल टैक्स को तुरन्त समाप्त किये जाने की मांग भी की गई। इस पंचायत में जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश वर्मा ने भी संबोधित किया। जिला मीडिया प्रभारी अशोक मिश्र ने बताया कि मुख्यमंत्री को संबोधित दस सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया।