Move to Jagran APP

तेज हवाओं में जमीदोज हुए किसानों के अरमान

बहराइच : पहले सूखे व बाढ़ ने फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया। अब मानसून का मौसम खत्म होने के बाद हो रह

By Edited By: Published: Wed, 15 Oct 2014 12:07 AM (IST)Updated: Wed, 15 Oct 2014 12:07 AM (IST)
तेज हवाओं में जमीदोज हुए किसानों के अरमान

बहराइच : पहले सूखे व बाढ़ ने फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया। अब मानसून का मौसम खत्म होने के बाद हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। धान व मक्के की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। खेत में फसल गिर जाने से मशीन से फसल की कटाई भी नहीं हो पाएगी। हुदहुद तूफान का असर जिले में दिखाई दिया। तेज हवाएं चलने से पेड़ धराशायी हो गए। झोपड़ियां उड़ गई।

loksabha election banner

समुद्र तटीय भागों में तबाही मचाने के बाद उत्तर प्रदेश पहुंची चक्रवाती तूफान ने यहां भी खेतों में खड़ी फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया है। धान की अनेक किस्में इस समय पकने की कगार पर हैं। देर से पकने वाली किस्मों में फूल बन रहे हैं। तेज हवाओं से जहां पकी फसलें गिर गई, वहीं खड़ी फसल के फूल भी झड़ गए। जिला कृषि अधिकारी डॉ.धर्मराज सिंह ने बताया कि तेज हवाओं के साथ बारिश होने से धान की जो फसल गिर गई है। उसकी कटाई नहीं हो पाएगी। देर से तैयार होने वाली प्रजातियों के धान में फूल झड़ने से उत्पादन पर भी काफी असर पड़ेगा। मक्का की फसल सहेज रहे किसानों के लिए भी बारिश ने काफी दिक्कतें पैदा कर दी। जल्द मौसम साफ न होने पर पकी बालियां सड़ भी सकती हैं।

गिरे पेड़, जनजीवन अस्त-व्यस्त

बहराइच : तेज हवाओं के झोंकों से पेड़ शहर व गांव हर स्थानों पर गिरे हैं। जरवलरोड, जरवल, कैसरगंज, गजाधरपुर, फखरपुर, महसी, नानपारा, मटेरा, रिसिया, पयागपुर, चित्तौरा, हुजूरपुर सहित अन्य स्थानों पर पेड़ गिर गए। पेड़ गिरने से आवागमन में दिक्कतें हुई। शहर के इंदिरा स्टेडियम में लगा पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे आवागमन ठप हो गया। कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर पेड़ टूटकर गिर गया। जरवलरोड तिराहे के पेट्रोल पंप के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेड़ गिरने से करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। पयागपुर संवादसूत्र के अनुसार थाना परिसर में पेड़ गिर गया। इससे काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। इसी क्रम में पैतौरा मोड़ स्थित हनुमान मंदिर के पास हाईटेंशन तार पर पेड़ गिरने से विद्युत व्यवस्था ठप हो गई।

छप्पर पर पेड़ गिरने से महिला घायल, मवेशी की मौत

महसी : रामगांव थाना क्षेत्र के आसमानपुर के कहारनपुरवा गांव में बारिश और तेज हवाओं के चलते एक पेड़ गांव निवासी गोबरे पुत्र महेश की के मकान के एक छप्पर पर गिर गया। जिससे उसके नीचे बंधी भैंस चपेट में आ गई और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गोबरे का भाई क्वांरे की पत्‍‌नी भी उसकी चपेट में आकर घायल हो गई। घायलावस्था में उसे उपचार के लिए चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। एसडीएम घनश्याम ने बताया कि सूचना के बाद क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। क्षति का आंकलन किया जा रहा है। जरवल संवादसूत्र के अनुसार क्षेत्र में तेज हवाओं व बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। होर्डिग्स व कई मड़हे उलट गए हैं। लोग दिन भर अपने घरों से बाहर नहीं निकले। किसानों के धान व मक्के की फसल को भारी नुकसान हुआ है।

बारिश थमे तो बहाल होगी आपूर्ति

बहराइच : अधिशासी अभियंता विद्युत आरिफ अहमद ने बताया कि तूफान के प्रभाव से जिले में भारी संख्या में पेड़ गिर गए हैं। इसके चलते विद्युत तार टूट कर सड़कों पर गिर गए हैं। कई जगहों पर बिजली के खंभे गिरने की सूचना प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि बारिश बंद होने पर ही टूटे हुए तारों को ठीक करने का कार्य शुरू हो पाएगा। तार टूटने के चलते आपूर्ति ठप हो गई है। बारिश बंद होते ही टूटे हुए तारों को ठीक कराने का कार्य शुरू होगा। सोमवार रात नौ बजे से ही शहर के कई क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई है। मंगलवार दिन भर विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। इसके लिए वैकल्पिक रूप में घरों में मौजूद इन्वर्टर डिस्चार्ज हो गया। मोबाइल चार्ज करने के लिए भी लोग परेशान रहे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.