बयान न बदलने पर विवाहिता को मारी गई गोली
बहराइच: बयान न बदलने पर डिगिहा चौराहे के पास बुधवार रात एक महिला को गोली मार दी गई। महिला को आस पास के लोगों ने जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल महिला ने अपने ससुर व चाचा पर अपहरण व गोली मारने का आरोप लगाया है। मामला थाना पयागपुर क्षेत्र का है।
बलरामपुर के खलवा मोहल्ला निवासी मधू तिवारी पुत्री अमरेश तिवारी का विवाह तकरीबन डेढ़ वर्ष पूर्व पयागपुर थाना क्षेत्र कुसभौना के सर्वेश तिवारी से हुआ था। पिछले छह महीनों से विवाहिता का ससुरालीजनों से विवाद चल रहा था। उसने ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। घायल महिला ने बताया कि बीते 6 सितम्बर को उसे पयागपुर रेलवे स्टेशन से ससुर व चाचा ने जबरदस्ती बोलेरो में बैठा कर अपहरण कर लिया। महिला ने बताया कि ससुराली जनों की ओर से उस पर बयान बदलने का दबाव बनाया जा रहा था। बयान न बदलने के कारण उसे गोली मारकर हत्या करने की कोशिश की गई। महिला के पिता का आरोप है कि पयागपुर की क्षेत्रीय पुलिस सुसरालीजनों को संरक्षण दे रही है। दूसरी तरफ घटना को लेकर पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई है। कोतवाल नगर, कोतवाल देहात, दरगाह थानाध्यक्ष का कहना है कि घटना उनके क्षेत्र में नहीं हुई है। थानाध्यक्ष पयागपुर वकील पाण्डेय ने बताया कि महिला का कोई मुकदमा थाने पर दर्ज नहीं है।