हिंदी प्रेमी हिंदी को सबल बनाने में जुटें : जिला जज
बहराइच : जिला जज रमेश चंद्र ने आज कहा कि हिंदी समय के साथ बलवती और गुणवती होती जा रही है। हिंदी प्रेमी हिंदी को सबल बनाने में जुटें। जिला न्यायाधीश बुधवार को अखिल भारतीय हिंदी विधि प्रतिष्ठान के तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की सुलेख प्रतियोगिता में बोल रहे थे।
दीवानी न्यायालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में डीजे ने हिंदी भाषा को रोजगारपरक बनाने पर भी जोर दिया। प्रतिष्ठान के अध्यक्ष राम छबीले शुक्ला ने कहा कि यह सौभाग्य है कि बहराइच के न्यायपालिका के सभी घटक इस पुनीत यज्ञ में शामिल हो रहे हैं। उपाध्यक्ष विजय पाठक ने कहा कि हिंदी में ही देश की पहचान निहित है। महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि जिले के सभी हिंदी प्रेमियों का न्यायपालिका द्वारा मनाये जा रहे हिंदी विधि सप्ताह में स्वागत है। कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी अनिल त्रिपाठी ने बताया कि 18 सितंबर को न्यायालय परिसर में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने इसमें सभी हिंदी प्रेमियों से हिस्सा लेने की अपील की। प्रतियोगिता का संचालन प्रतिष्ठान के सचिव एवं सिविल जज प्रवर खंड प्रथम रामबाबू यादव ने किया। समारोह में अधिवक्ता विष्णु सहाय श्रीवास्तव, सुखदेव पाठक, लक्ष्मी गिरि, महामंत्री राजकुमार सिंह, परमानंद पाण्डेय, सुरेन्द्र सिंह, राम सागर राव, रितेश श्रीवास्तव, राजेश शुक्ला, युगुल त्रिपाठी, ओम प्रकाश श्रीवास्तव आदि अधिवक्ता उपस्थित रहे।