प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत हो हिंदी भाषा : जिला जज
बहराइच : दीवानी न्यायालय परिसर में हिंदी विधि सप्ताह के उपलक्ष्य में एक प्रदर्शनी लगाई गई। जनपद न्यायाधीश रमेश चंद्र ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उदघाटन किया। जिला जज ने कहा कि न्याय विभाग ने सभी विधाओं में हिंदी में ही काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमे आवश्यकता है कि हिंदी और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत हो जिससे इसकी निरंतरता बनी रहे।
अधिवक्ता संघ के पूर्व महामंत्री मुन्नू लाल मिश्र ने कहा कि देश की पहचान हिंदी भाषा है। इसे बढ़ाने के लिए हमें निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। अपर जनपद न्यायाधीश अनुसूचित जाति जनजाति सूबेदार यादव ने कहा कि हिंदी अहंकाररहित पारदर्शी भाषा है। यह कभी भी राज दरबार की भाषा न होकर हमेशा आमजन की भाषा रही है। कार्यक्रम में वाद पत्रों, प्रतिवाद पत्रों, निर्णयों एवं पुस्तकों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। कार्यक्रम को परमानन्द पाण्डेय, अजय शर्मा, मुंसिफ बहराइच विकास वर्मा, रामसूरत वर्मा जलज, बृजनंदन पाण्डेय, राम छबीले शुक्ला, विजय पाठक, अनिल त्रिपाठी, सुरेन्द्र सिंह आदि ने संबोधित किया। कैसरगंज संवादसूत्र के अनुसार एक विचार गोष्ठी स्थानीय आर्य समाज मंदिर परिसर यमलार्जुनपुर में आयोजित की गई। विचार गोष्ठी की अध्यक्षता देशराज सिंह ने व संचालन देवव्रत सिंह ने किया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए रघुराज प्रसाद वर्मा ने कहा कि हिंदी भाषा के उन्नयन के लिए देश, समाज तथा व्यक्ति को अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। देशराज सिंह ने कहा कि समाज व देश में हिंदी को जो स्थान मिलना चाहिए वह नहीं मिला। इस मौके पर रामवृक्ष पाल, गंगा प्रसाद मौर्य, सत्य प्रकाश आर्य, बसंत लाल, देवव्रत, जंग बहादुर आर्य सहित कई लोग मौजूद रहे। कैसरगंज बाजार में भी हिंदी दिवस पर एक विचार गोष्ठी आयेाजित की गई। गोष्ठी को समाजसेवी सागर लाल पारीक, रामेन्द्र देव सिंह तथा गोमती प्रसाद शर्मा ने संबोधित करते हुए हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला। हरिद्वारी गुप्ता,वीरेश कुमार सिंह, प्रधान कौशलेन्द्र चौधरी तथा प्रभात कुमार सिंह आदि लोग मौजूद रहे।