सजे शिवालय, कजरी तीज आज
बहराइच : गुरुवार को कजरी तीज के पर्व पर जलाभिषेक के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के चाक-चौबंद बंदोबस्त किए हैं। शहर के सिद्धनाथ मंदिर में कांवरिए जलाभिषेक के लिए सरयू नदी तट से जल लेकर मंदिर पहुंचेंगे।
शहर के सिद्धनाथ मंदिर में कजरी तीज पर जलाभिषेक के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। भारी संख्या में श्रद्धालुओं के जलाभिषेक करने की उम्मीद है। बोल बम कांवरिया संघ अध्यक्ष प्रेमनाथ तिवारी ने बताया कि मरीमाता मंदिर स्थित सरयू नदी तट से भक्त जल लेकर जुलूस के रूप में मंदिर, केडीसी तिराहा, डीएम तिराहा, पानी टंकी, अस्पताल चौराहा, डिगिहा, छावनी, घंटाघर, ब्राह्माणीपुरा से गणेशपूजा स्थल होते हुए सिद्धनाथ मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। प्रशासन ने इसके लिए उन्हें अनुमति प्रदान की है। मटेरा के जंगलीनाथ, नवाबगंज के मंगलीनाथ, पयागपुर के वागेश्वरनाथ सहित अन्य शिवमंदिरों में जलाभिषेक होगा। कैसरगंज संवादसूत्र के अनुसार विराट कांवरिया संघ डिहवा शेर बहादुर सिंह कैसरगंज के तत्वावधान में कजरी तीज के पावन पर्व पर बुधवार को सैकड़ों शिव भक्तों ने दुखहरन नाथ मंदिर गोंडा के लिए प्रस्थान किया। कांवरिया बम भोले के गगनभेदी उदघोष कर रहे थे। संघ के संरक्षक कौशलेन्द्र चौधरी, हीरालाल मौर्य, संयोजक मौजी लाल, राजेन्द्र चौधरी, संदीप वर्मा, अजीत वर्मा, नंद लाल मौर्या ने कांवरियों का स्वागत कर उन्हें गोंडा जनपद के लिए रवाना किया। देवलखा कांवरिया संघ व विराट कांवरिया संघ डिहवा शेर बहादुर सिंह का हनुमान मंदिर कैसरगंज पर दिनेन्द्र प्रताप सिंह व नरेन्द्र चौधरी आदि ने स्वागत कर उन्हें प्रसाद वितरण किया। जरवल रोड संवादसूत्र के अनुसार कजरी तीज पर शिव भक्त सरयू से जल भरकर गुरुवार को गोंडा स्थित दुखहरन नाथ मंदिर तथा पृथ्वीनाथ मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। विशेश्वरगंज संवादसूत्र के अनुसार कजरी तीज कर्नलगंज और भग्गड़वा हुजूरपुर से सरयू नदी का जल लेकर पैदल ही पृथ्वी नाथ भोले नाथ के शिवालय में जलाभिषेक को जाएंगे।