भाजपा की नीतियों को जनता तक पहुंचाएं
बहराइच: रिसिया के नानकपुरा मुहल्ले में सांसद सावित्री बाई फूले ने कार्यकर्ता सम्मेलन में होने वाले उपचुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को पार्टी के प्रत्याशी के साथ मिलकर भाजपा की नीतियों का प्रचार जनता के बीच में आकर करने का आहवान किया।
नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश निगम के आवास पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि जनता ने आशा के साथ देश की बागडोर भाजपा को सौंपी है जिसका नेतृत्व नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं। अब हम सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि जनता की उम्मीदों पर हम लोग खरे उतरे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक व सांसद प्रतिनिधि सुरेश्वर सिंह ने कहा कि होने वाले उपचुनाव में कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं और केंद्र द्वारा अब तक किये गये कार्यो को जनता के समक्ष रखकर उसका प्रचार प्रसार करें। सम्मेलन में नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश निगम ने आए हुए सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उपचुनाव में कार्यकर्ता जुट जाएं और मोदी द्वारा किये गये कार्यो को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में भाजपा की जीत प्रधानमंत्री को तोहफे के तौर पर होगी। इसलिए कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें। इस अवसर पर राम अवतार गर्ग, मेवालाल, बारामती सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।