नहर में दिखा घड़ियाल, मचा हड़कंप
बहराइच: रविवार सुबह पयागपुर के ग्राम मल्लव के पास स्थित सरयू नहर में एक घड़ियाल के आने की खबर से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते घडि़याल को देखने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई। वन विभाग ने पांच घंटे के लंबे जद्दोजहद के बाद उसे कब्जे में ले लिया।
रविवार की सुबह ग्राम गोवारि के कुछ लोग शौच के लिए पास ही स्थित सरयू नहर की ओर गये थे। तभी पानी के किनारे एक घड़ियाल दिखाई दिया। लोगों के शोर के कारण घड़ियाल देवग्राम तक पहुंच गया। नहर बंद होने के कारण पानी कम था। अत: वह बार-बार निकलने के प्रयास करता लेकिन भारी भीड़ के कारण पुन: पानी में छिप जाता था। सूचना पाकर पुलिस व वन विभाग के यशवंत लाल तिवारी मौके पर पहुंच गये जहां पांच घंटे के कड़े प्रयास से घड़ियाल को जाल में फंसाया। पकड़े गये घड़ियाल की लंबाई लगभग पांच फुट व उम्र सात वर्ष तक बताई जा रही है। वन विभाग के लोगों का कहना है कि पकड़ा गया घड़ियाल दोबारा नदी में छोड़ा जाएगा। बहरहाल पहली बार क्षेत्र में घड़ियाल की आमद से हड़कंप मचा रहा।