लड़की तस्करी के गिरोह का भंड़ाफोड़, चार गिरफ्तार
बहराइच : सोमवार को पुलिस ने लड़कियों की तस्करी करने वाले गिरोह का राजफाश किया। गिरोह के सदस्य गोरखपुर से लड़कियों को लाकर जिले में अलग-अलग लोगों को बेचते थे। एक युवती सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जेल रवाना कर दिया गया है।
थानाध्यक्ष रामगांव बृजेश कंवरि यादव ने बताया कि गोरखपुर के चौरी-चौरा थाना क्षेत्र के मेहंदीपुरवा गांव की परवीन उर्फ शहाना पुत्री मो.अली अपने गांव की किशोरी तमन्ना को लेकर बहराइच आ गई। उसने किशोरी को पहले नानपारा में फैयाज के हाथों बेचा। फैयाज ने इसे रायपुर निवासी रामराज के हाथ बेच दिया। रामराज ने इसे अपने चाचा रामछबीले को बेच दिया। किशोरी का तीन बार सौदा हुआ। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इन्हें पकड़ने का जाल बुना। थानाध्यक्ष श्री यादव, उपनिरीक्षक तारा प्रसाद पांडेय, आरक्षी बसंत श्रीवास्तव, दिलीप यादव ने परवीन और सोनू उर्फ चुन्ना को चकबंदी कार्यालय नाजिरपुरा के पास से तथा नानपारा रोड पर बभनी पुल के पहले धर्मकुंडा मोड़ पर रामराज व रामछबीले को रविवार को धर दबोचा। पूछताछ में इन्होंने यह बात स्वीकार की। थानाध्यक्ष ने बताया कि तस्करों का सरगना फैयाज फरार चल रहा है। गिरोह के सदस्य लड़कियों को बहराइच, श्रावस्ती, सीतापुर, बाराबंकी व गोंडा लाकर बेचते थे। उन्होंने बताया कि विवेचना की जा रही है। जल्द ही और नए तथ्य सामने आएंगे।