कांठ कांड पर बिफरी भाजपा, प्रदर्शन
बहराइच : कांठ कांड पर आज भारतीय जनता पार्टी ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते हुए सपा सरकार को आड़े हाथों लिया। दोषी पुलिस कर्मियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। भाजपाइयों का कहना था कि सपा तुष्टिकरण की राजनीति से बाज आए।
जिलाध्यक्ष गुलाबचंद्र शुक्ला ने सपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का चुन-चुन कर उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा सरकार किसी जाति-धर्म की राजनीति नहीं करती है। वह सभी धर्मो का आदर करती है और सभी को बराबर मानती है। श्री शुक्ला ने मुरादाबाद जिले के कांठ में मंदिर से माइक उतरवाया गया है जो पूरी तरह से अनुचित है। भाजपा चुप बैठने वाली नहीं है। पूर्व सांसद पद्मसेन चौधरी ने कहा कि मुरादाबाद प्रकरण अंग्रेजी हुकूमत की याद ताजा कर रहा है। प्रदेश सरकार के इशारे पर पुलिस अधिकारियों द्वारा राजनेताओं से अमानवीयता की हदें पार की जा रही हैं। चंद्रभान सिंह संचित ने कहा कि सूबे की सपा सरकार तुष्टिकरण की राजनीति से बाज आए, नहीं तो उसका भी हश्र बुरा होगा। सरोज सोनकर ने कहा कि सपा के इशारे पर पुलिस अफसरों द्वारा जो कृत्य किया गया है वह माफी लायक नहीं है। सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष होगा, इसके लिए हर कुर्बानी को भाजपा तैयार है। नेताओं ने मुरादाबाद के एसएसपी धर्मवीर यादव, एएसपी अनिल कुमार और सीओ राहुल समेत अन्य पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर श्यामकरन टेकड़ीवाल, राहुल राय, नन्हेंलाल लोधी, जवाहर लाल धीवर, शेषनरायन मिश्र, प्रभा सोनी, वीरेंद्र मिश्र, प्रमोद कुमार, सुनील श्रीवास्तव, राजीव यादव, हरेंद्र विक्रम सिंह, रणविजय सिंह, प्रमोद गुप्ता, दीनानाथ मिश्र, राकेश सिंह, जानकी प्रसाद तिवारी समेत दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपा सरकार को चेतावनी देते हुए ललकारा।
गायब रहे बड़े नेता
बहराइच : प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आज हुए धरना-प्रदर्शन में जिले के बड़े नेता नहीं दिखे। हद तो तब हो गई, जब जनता द्वारा चुने गए न तो नेता आए और न ही उनके प्रतिनिधि। भाजपा नेताओं में आज भी एकजुटता का अभाव सा दिखा। मंच पर गिने-चुने लोग ही नजर आए।