तालाब में दो बालिकाएं डूबीं, मौत
बहराइच : रामगांव थाना क्षेत्र के गड़वा गांव स्थित तालाब में भैंस नहलाने गई दो बालिकाओं की तालाब में डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया। इससे गांव में हड़कंप मच गया।
मामला रामगांव थाना क्षेत्र के गड़वा नौतला का है। मडग्गा गांव के तालाब में एक ही गांव की दो बालिकाएं मंशा कुमारी (13) पुत्री लखन तथा अर्चना कुमारी(12) पुत्री लक्ष्मन प्रसाद मंगलवार दोपहर में तालाब पर गई थी। वे भैंसों को नहलाने लगी। अचानक वे गहरे पानी में चली गई। पानी का बहाव भी तेज था। गहराई में जाते ही दोनों एक साथ डूबने लगी। जब तक तालाब के किनारे खड़े लोग कुछ उपाय करते दोनों गहरे पानी में समा गई। इसकी सूचना घरवालों को दी गई। सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिवारीजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बालिकाओं के शवों को बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते घटना स्थल पर क्षेत्रीय लेखपाल गुरु प्रसाद मिश्र पहुचे। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी तहसील प्रशासन व उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। मृतक बालिकाओं के परिवारीजनों को अहेतुक सहायता दी जाएगी।