सड़क से सदन तक होगा सपा का विरोध
बहराइच: समाजवादी पार्टी के शासन में उत्तर प्रदेश अपराध प्रदेश बन चुका है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सड़क से सदन तक गुंडागर्दी एवं भ्रष्टाचार का विरोध करेंगे। यह कहना है कि भाजपा जिलाध्यक्ष गुलाब चंद्र शुक्ल का जिसे उन्होंने पयागपुर में कार्यकर्ता बैठक के दौरान अपने संबोधन में व्यक्त किया।
भाजपा मंडल पयागपुर के सेक्टर प्रमुखों और प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक पीडब्लूडी अतिथि गृह में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मंडल प्रभारी देवेन्द्र मोहन पाण्डेय ने की। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्री शुक्ल ने कहा कि बिजली, शिक्षा, चिकित्सा एवं कृषि सहित समस्त मोर्चो पर अखिलेश सरकार फेल हो गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिशन 2017 की तैयारी में अभी से जुट जाने का निर्देश दिया। मंडल प्रभारी बड़के तिवारी ने कहा कि सपा के लोग भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रहे हैं जिसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। बैठक में पूर्व अध्यक्ष गिरीश पाण्डेय, महामंत्री उमा शंकर तिवारी, यज्ञराम सिंह, हरीओम, प्रदीप कुमार व विनय वर्मा सहित चार दर्जन कार्यकर्ता उपस्थित थे।