घर में घुस कर बालिका को उठा ले गया तेंदुआ
बहराइच : जिले के सुदूरवर्ती ब्लॉक मिहींपुरवा के गांव जंगल गुलरिया के रामपुर रेतिया में घर में सो रही 12 वर्षीय बालिका को तेंदुआ उठा ले गया। जंगल से उसका क्षत विक्षत शव बरामद हुआ। काफी देर तक मामला कतर्निया वन्य जीव प्रभाग और उत्तरी खीरी वन प्रभाग के बीच उलझा रहा। बाद में घटना खीरी वन प्रभाग में होने की पुष्टि की गई। क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन तेंदुए द्वारा बालिका को निवाला बनाने की यह दूसरी घटना है। इससे आसपास के क्षेत्रों में बसे ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
मिहींपुरवा ब्लॉक का जंगल गुलरिया गांव का रामपुर रेतिया सुजौली थाना क्षेत्र के अन्तर्गत आता है। गांव निवासी गीता(12)पुत्री साधू निषाद रविवार की देर रात घर में सो रही थी। जंगल से आया तेंदुआ उसे उठा कर जंगल की ओर भाग गया। परिवारीजनों व ग्रामीणों ने शोर मचाया और हांका लगाया। तब जंगल में बालिका का शव छोड़ कर तेंदुआ चला गया। सूचना वनाधिकारियों को दी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि वनाधिकारी मौके पर आने से पहले सीमा विवाद में उलझे रहे। वनाधिकारियों के अनुसार यह कतर्निया वन्य जीव प्रभाग का हिस्सा न होकर उत्तरी वन प्रभाग खीरी में शामिल है। सुजौली थानाध्यक्ष भीष्मपाल सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी वनाधिकारी कतर्नियाघाट सुभाष चंद्रा ने बताया कि घटना उत्तरी खीरी वन प्रभाग में हुई है। बताते चलें कि शनिवार की देर रात सुजौली थाना क्षेत्र के रमपुरवा मटेही जागापुरवा निवासी मुहम्मद सलीम की 9 वर्षीय बेटी रेशमा को तेंदुआ उठा ले गया था। जंगल में उसका क्षत विक्षत शव रविवार की सुबह परिजन व ग्रामीणों को मिला था। लगातार दो दिनों में तेंदुए द्वारा बालिकाओं को निवाला बनाने से ग्रामीण दहशतजदा हैं। वे रात भर जाग-जाग कर बच्चों की सुरक्षा करने को विवश हैं।