दुर्घटना में वृद्ध की मौत, चार घायल
महसी/चित्तौरा(बहराइच) : शनिवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मार्ग दुर्घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए। उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल वृद्ध ने दम तोड़ दिया। चार को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। इसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
शनिवार की दोपहर रामगांव थाना क्षेत्र के फत्तेपुरवा निवासी मुस्ताक(65) पुत्र रसूल अपनी पत्नी मंतुरा(62) व भतीजे रईस खां(30) के साथ बाइक पर सवार होकर अपने घर जा रहे थे। जब वह टिकोरा मोड़-महसी मार्ग स्थित थाना कोतवाली देहात के जोलाहनपुरवा गांव के निकट पहुंचे। सामने से आ रही एक कार की चपेट में आ गए। जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। लोनियनपुरवा निवासी साइकिल सवार देवीदीन(25) पुत्र माधवराम भी कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। जहां पर मुस्ताक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। दूसरी तरफ हुजूरपुर थाने में तैनात सिपाही ज्योतिप्रकाश शुक्ला पुत्र कृष्ण नरायन शुक्ला मुख्यालय आ रहे थे। जब वह रानीपुर चौराहे के निकट पहुंचे, एक पिकप वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए। थाना क्षेत्र के रानीपुरवा गांव के पास सुखनदिया निवासी पाटनदीन(45) पुत्र रामगोपाल को अज्ञात बाइक सवार ने ठोकर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।