आंधी-पानी ने ली तीन की जान, चार घायल
बहराइच : मौसम के बदले रुख ने किसानों की पेशानी पर परेशानी बढ़ा दी है। छिटपुट बूंदाबांदी से गेहूं की खेतों में कटी पड़ी फसल को नुकसान के आसार हैं। धूल भरी आंधी से सड़क पर चलना मुश्किल हो गया। आंधी चलने से लिंटर व छत की रेलिंग टूटकर गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार घायल हो गए।
शुक्रवार को पूरे दिन मौसम खराब है। सुबह ही आसमान में उमड़-घुमड़ कर बादल घिर आए। सुबह से शुरू हुई धूल भरी आंधी दिन भर चलती रही। सड़क पर चलना बेहद दुश्वारी भरा रहा। आंखों में धूल भरने से मोटरसाइकिल, साइकिल सवार व पैदल चलने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। धूल-धक्कड़ की आंधी से लोग घरों में ही कैद रहे। दिन में कई बार छिटपुट बूंदाबांदी हुई। चित्तौरा संवादसूत्र के अनुसार कोतवाली देहात क्षेत्र जोलाहनपुरवा झाला में सुबह छत का लिंटर टूट कर गिर गया। सगीर खां(18)पुत्र कीढ़ी खां की मौके पर ही मौत हो गई। कलीमुन(18) तथा जमीरुननिशा(11)गंभीर रूप से घायल हो गई। इसी थाना क्षेत्र के गजपतिपुर गांव में तेज हवा के झोंके से छत की रेलिंग टूटने से कफील(10) तथा आदिल(8)पुत्र हसीब गंभीर रूप से घायल हो गये। दोनों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सक ने आदिल को मृत घोषित कर दिया। कफील का इलाज हो रहा है। दरगाह थाना क्षेत्र के चैतूपुरवा निवासी प्रेमा(50)पत्नी श्रीराम पाल खराब मौसम देख छत से कपड़े उतारने गई थी। असंतुलित होकर नीचे जा गिरी। उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। वहीं श्रावस्ती जिले के सोनवा थाना क्षेत्र के मनिहार तारा गांव निवासी भोलानाथ(40)पुत्र राम लाल हवा के झोके से गिरी लकड़ी की चपेट में आकर घायल हो गये। जरवल संवादसूत्र के अनुसार ब्लॉक के खनेहटा ग्राम से बाइक से जरवल बाजार आ रहे भरथा खनेहटा निवासी राम किशुन पुत्र जियावन लाल के ऊपर एक पेड़ की डाल अचानक गिर गई। इससे वे घायल हो गए।