मार्ग दुर्घटना में एक की मौत, दो घायल
बहराइच : शुक्रवार की देर रात हरदी थाना क्षेत्र में हुई मार्ग दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गयी। दो अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
घटना हरदी थाना क्षेत्र के सिंगिया नसीरपुर गांव के निकट की है। अमेठी जिले के थाना संग्रामपुर के जरौटा निवासी पिंटू मिश्रा पुत्र दूधनाथ अपनी इंडिका गाड़ी से अन्य साथियों के साथ थाना खैरीघाट क्षेत्र के बेहड़ा स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे। जब उनकी गाड़ी सिंगिया नसीरपुर गांव के पास पहुंची, विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने ठोकर मार दी। हादसे में अमेठी जिले के जरौटा निवासी पिंटू मिश्रा(25), फूलचंद्र(45) पुत्र रामराज व विदुल(25) पुत्र रामउजागर घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां पिंटू की उपचार के दौरान मौत हो गयी। सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष हरदी भीष्मपाल सिंह का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर