बिजली के लिए रोड पर उतरीं महिलाएं
चांदीनगर(बागपत) : गांव रटौल में सप्ताह भर से फुंका ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से क्षुब्ध महिलाओं ने
चांदीनगर(बागपत) : गांव रटौल में सप्ताह भर से फुंका ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से क्षुब्ध महिलाओं ने बिजलीघर का घेराव कर बंथला-ढिकौली मार्ग जाम कर दिया। वहां दो घंटे जाम लगने से राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। पुलिस ने निगम अधिकारियों से बात कर दो दिन में ट्रांसफार्मर बदलवाने का आश्वासन दिया।
गांव के शेखान मोहल्ले में करीब 500 परिवार हैं। मोहल्ले में लगा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर करीब एक सप्ताह पूर्व फुंका गया था। उसी दिन से रोजेदार निगम के अधिकारियों से फुंके ट्रांसफार्मर को बदलवाने की मांग कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि बिजलीघर पर तैनात जेई पंकज किसी की नहीं सुनते। सप्ताह भर बाद भी बिजली न मिलने पर रविवार को महिलाओं का गुस्सा निगम अधिकारियों के खिलाफ फूटा तो उन्होंने बिजलीघर घेर लिया। मौके पर मिले एसएसओ का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर क्षुब्ध महिलाओं ने बंथला-ढिकौली मार्ग पर जाम लगा दिया। निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और किसी वाहन को नहीं निकलने दिया। दो घंटे जाम में फंसे रहने से राहगीर काफी परेशान हुए। सूचना पर पहुंची रटौल पुलिस ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया लेकिन महिलाएं अपनी मांग पर अड़ी रही। पुलिस ने निगम अधिकारियों से बात कर सोमवार सुबह 10 बजे तक ट्रांसफार्मर बदलने का आश्वासन दिया। जाम खोलने के बाद महिलाओं ने सोमवार तक ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर फिर से जाम की चेतावनी दी। रुबिना, गुलिस्ता, नगमा, फरजाना, नगीना, शबाना, कल्लो, सन्नो, मोमिना, असगरी आदि महिलाएं शामिल रही। उधर जेई पंकज ने आरोपों को निराधार बताया है।