सौ साल पुराने 'निरोजपुर एम्मा' में नहीं पहुंची विकास की किरण
जागरण संवाददाता, खेकड़ा : बागपत जनपद के खेकड़ा तहसील मुख्यालय से करीब दस किमी दूरी पर बसे निरोजपुर एम्
जागरण संवाददाता, खेकड़ा : बागपत जनपद के खेकड़ा तहसील मुख्यालय से करीब दस किमी दूरी पर बसे निरोजपुर एम्मा को करीब सौ साल हो गए, लेकिन आज भी गांव में लोगों के लिए कोई सुविधा नहीं है। ये हालात तो तब हैं जब इस गांव का चयन दो बार डा.अंबेडकर समग्र विकास व राममनोहर लोहिया विकास योजना में हो चुका है।
गांव के बुजुर्गों की मानें तो निरोजपुर एम्मा गांव करीब सौ साल पहले फखरपुर गांव से निकलकर बसा था। करीब 1150 की आबादी वाले जाट बाहुल्य गांव में तेवतिया व नाहल गौत्र के अधिकांश लोग रहते हैं। अन्य जातियों के इक्का-दुक्का परिवार हैं। कुछ जातियां ऐसी हैं, जिनमें से एक भी व्यक्ति या घर गांव में नहीं हैं।
यातायात से कोसों दूर
ग्राम प्रधान राजेश कुमार उर्फ बिट्टू बताते है कि, गांव तक आने जाने के लिए किसी भी दिशा से वाहनों की कोई सुविधा नही है। सभी लोग निजी वाहनों से ही जनपद व तहसील मुख्यालय तक जाते हैं। गजब की बात ये हैं कि यदि किसी की साइकिल या बाइक में पंक्चर हो जाए तो उसे पंक्चर लगवाने भी दूसरे गांव की शरण में जाना पड़ता है। गांव में कोई बीमार हो जाए, कृषि संबधी काम हो तो भी उनको दूसरे गांव में ही जाना पड़ता है। छोटी जातियां व अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े लोगों के न होने से किसानों को मजदूर भी नही मिल पाते।
सरकारी कार्यालयों व सुविधाओं का भी टोटा
ग्राम प्रधान राजेश कुमार का कहना है, उनको विरासत में असुविधा व कमियां ही मिली हैं। विकास के लिए धन आवंटन होने के बाद गांव का चहुंमुखी विकास कराया जाएगा। उन्होंने बताया, एक सरकारी अस्पताल तो है लेकिन यहां डाक्टर नही है। भवन जर्जर होकर गिरना शुरू हो गया है। उच्च प्राथमिक स्कूल शमशान घाट से सटा होने की वजह से स्कूल में बच्चे भी नहीं आते। स्कूल में बच्चों की संख्या दहाई का भी आंकड़ा पार नही कर पाती है। आंगनबाड़ी केंद्र भी प्राथमिक स्कूल में संचालित है। ग्राम पंचायत सचिवालय आज तक नही बना।
इन्होंने कहा..
विकास खंड के माध्यम से गांव का विकास कराया जाएगा। सुविधा के संबंध में उनको जानकारी नही हैं, शिकायत मिलती है तो वे निरीक्षण कर गांव को सुविधा दिलाने का प्रयास करेगी। सभी ग्राम प्रधान व ब्लाक कर्मियों की बैठक लेकर विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए जाएंगे।
-दीपाली कौशिक, एसडीएम खेकड़ा।